वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र में देर रात हुई वारदात
मछली की दुकान लगाने के विवाद में मारी गई गोली
वाराणसी। जिले के चितईपुर में रविवार की रात बाइक सवार दो बदमाशों ने स्कूटी से जा रही दो महिलाओं को गोली मार बुरी तरह से घायल कर दिया। गोली एक महिला के बांह में तो दूसरी महिला के पीठ में गोली लगी है। पुलिस ने लहूलुहान हाल में दोनों महिलाओं को बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि मछली की दुकान लगाने के विवाद में गोली मारी गई है। वही बदमाशों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की दो टीमें गठित कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, जिले के चितईपुर थाना क्षेत्र के करौंदी मार्ग पर स्थित मलिनान बस्ती निवासी सुनील की पत्नी सुनीता सोनकर की चैराहे के पास मछली की दुकान है उसके बगल में ही सीमा भी दुकान लगाती है। दोनों में कई बार विवाद हो चुका है। शाम को सीमा के बेटे मोहन सोनकर से सुनीता का विवाद हो गया। उसने जान से मारने की धमकी दी। रात करीब 11 बजे सुनीता अपनी पड़ोसन रीता देवी के साथ स्कूटी से घर की ओर जा रही थी। वह घर पहुंचने वाली थी कि सफेद रंग की अपाचे बाइक पर काला गमछा बांधे दो बदमाश आए और सुनीता पर फायर कर दिया। गोली से बचने के लिए भागते समय गोली सुनीता के पीठ में लग गई। जबकि रीता के दाहिने बांह से गोली आर-पार हो गई। इस घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंचे चितईपुर थाना प्रभारी मिर्जा रिजवान बेग ने घायलावस्था में दोनों को बीएचयू ट्रामासेंटर में भर्ती करवाया। पुलिस की एक टीम तत्काल बदमाशों के पीछे लगाई गई। घायल सुनीता के अनुसार मोहन ने ही गोली मारी है। डीसीपी काशी के अनुसार दो बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया हैं। जिनको पकड़ने के लिए पुलिस की दो टीमें गठित कर दी गई है। साथ ही घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। ताकी यह पता चल सके कि बदमाश किधर से आए और किधर गए। पुलिस मामले की जांच तेज कर दी है जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

0 Comments