आजमगढ़: छात्रा राशि की मौत के मामले में प्रिंसिपल और शिक्षक गिरफ्तार...

फीस सहित अन्य बातों को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप, रास्ते में जहर खाने से हुई थी छात्रा की मौत !



आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के शाहगढ़ बाजार स्थित मां जगेश्वरी देवी इंटर कॉलेज की कक्षा नौ की छात्रा राशि की मौत के मामले में पुलिस ने कॉलेज के प्रिंसिपल और शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शिक्षक रिंकू कुमार को रविवार शाम गिरफ्तार किया गया था, जबकि प्रिंसिपल अखिलेश यादव की गिरफ्तारी मंगलवार को हुई। दोनों पर छात्राओं को फीस सहित अन्य बातों को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप है।
सिधारी थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव निवासी आशीष की 14 वर्षीय पुत्री राशि गोंड़ शाहगढ़ बाजार स्थित मां जगेश्वरी देवी इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा थी। छह नवंबर को वह स्कूल गई थी। घर लौटते समय रास्ते में अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। स्वजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान होश आने पर उसने परिजनों को घटनाक्रम बताया। इस दौरान उसके चाचा आकाश ने उसका वीडियो भी बना लिया।
वीडियो में राशि ने कॉलेज के प्रिंसिपल अखिलेश यादव और शिक्षक रिंकू कुमार पर फीस सहित अन्य बातों को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। चाचा को बयान देने के बाद उपचार के दौरान ही राशि की मौत हो गई। घटना के बाद उसके चाचा आकाश का कहना है कि कॉलेज में पढ़ने वाली अन्य छात्राओं ने भी फोन कर प्रिंसिपल और शिक्षक के व्यवहार को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले शिक्षक रिंकू कुमार को गिरफ्तार किया। इसके बाद मंगलवार को प्रिंसिपल अखिलेश यादव को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
20 रुपये में खरीदा था जहर
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया है कि छात्रा ने स्वयं 20 रुपये में जहर खरीदकर खाया था। शिक्षक को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दूसरे आरोपित प्रिंसिपल को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच में अन्य आरोपितों के नाम सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments