आजमगढ़। लक्षीरामपुर स्थित वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस में जीएनएम, एएनएम और पैरामेडिकल के छात्र-छात्राओं के लिए 8वें फेयरवेल सेरेमनी-2026 का आयोजन किया गया। समारोह का थीम ‘डेस्टिनी : फ्रॉम ड्रीम्स टू ड्यूटी’ रखा गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों के सपनों को सेवा और कर्तव्य से जोड़ने का संदेश दिया गया।
संस्थान के ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा, विशिष्ट अतिथि अपर सीएमओ डॉ. उमा शरण पांडेय, सीओ सदर आस्था जायसवाल तथा वेदांता ग्रुप के चेयरमैन डॉ. शिशिर जायसवाल, डायरेक्टर विशाल जायसवाल, मैनेजिंग डायरेक्टर आलोक जायसवाल व रित्विक जायसवाल ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह में जूनियर छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। प्रस्तुतियों पर पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। फेयरवेल के भावुक पलों में सीनियर विद्यार्थियों ने संस्थान में बिताए अपने खट्टे-मीठे अनुभव साझा किए। अतिथियों ने पासआउट होने वाले विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
डायरेक्टर विशाल जायसवाल ने कहा कि वर्ष 2016 से संचालित संस्थान का उद्देश्य समाज को कुशल स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध कराना है। डॉक्टर दवा लिखते हैं, लेकिन मरीज की वास्तविक देखभाल और सेवा नर्सिंग स्टाफ करता है। उन्होंने कहा कि अब विद्यार्थियों के लिए वेदांता का नाम रोशन करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की शुरुआत हो रही है। वेदांता ग्रुप उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है और हर कदम पर उनके साथ खड़ा रहेगा।
इस अवसर पर रोटरी क्लब से चंदन अग्रवाल व रुचि अग्रवाल, वैक्सीनेशन इंचार्ज पूनम शुक्ला, डायरेक्टरेट से ऋचा जायसवाल, ऋतु जायसवाल और अमृता जायसवाल समेत संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में प्रिंसिपल रीना पांडेय ने अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। मंच का संचालन दिपांशु गौतम और हर्षिता ने संयुक्त रूप से किया।

0 Comments