आजमगढ़: अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने दिया धरना...

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, लगाए ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे



आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को दिल्ली में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के विरोध में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष हवलदार यादव के निर्देश पर कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव को तत्काल रिहा करने और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।
सपा नेताओं के अनुसार, 6 अक्टूबर को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सांसदों के साथ दिल्ली के संसद मार्ग स्थित मुख्य चुनाव कार्यालय में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध दर्ज कराने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस द्वारा उन्हें गिरफ्तार किए जाने के विरोध में आजमगढ़ में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने धरना दिया।
धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘अखिलेश यादव को रिहा करो’, ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ और ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को रिहा नहीं किया जाता, तब तक पार्टी कार्यकर्ताओं का विरोध जारी रहेगा।
धरने को संबोधित करते हुए सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में संविधान और लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है। आरोप लगाया कि दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं, छात्रों, नौजवानों, किसानों, मजदूरों, बुनकरों और व्यापारियों के अधिकारों पर लगातार हमला किया जा रहा है तथा उनके उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ रही हैं।
सपा नेताओं ने कहा कि पीडीए के लोग संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और अपने हक-अधिकार की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी कार्यकर्ता गांव से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक संघर्ष जारी रखेंगे।
धरने में करुणाकांत मौर्य, अजीत कुमार राव, श्यामदेव चौहान, प्रेमा यादव, संतोष कुमार गौतम, प्रदीप कुमार यादव, पूर्व प्रमुख सुशीला आनंद, दुर्गेश यादव, कुणाल मौर्य, लालजीत यादव क्रांतिकारी, आनंद यादव, प्रदीप यादव, इं. अभिषेक यादव, कमलेश यादव, जोरार खान, इं. लालचंद यादव, वेद प्रकाश यादव, अखिलेश पांडेय, शीशपाल सिंह, रोशन यादव, अवनीश यादव, अनिल कुमार भारती, गोलू यादव, संजय यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की रिहाई तक लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखा जाएगा। प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में सरकार के प्रति आक्रोश देखने को मिला।

Post a Comment

0 Comments