भवानी शंकर स्मृति सम्मान से सम्मानित हुए रंगकर्मी ममता और अभिषेक पंडित

रंगकर्म के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए रायगढ़ में हुआ सम्मान, 11 हजार रुपये, मानपत्र व अंगवस्त्रम प्रदान



आजमगढ़। जिले के रहने वाले रंगकर्मी दंपती ममता पंडित और अभिषेक पंडित को रंगकर्म के क्षेत्र में दिए जाने वाले प्रतिष्ठित भवानी शंकर स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में आयोजित समारोह में मंगलवार देर शाम उन्हें वर्ष 2026 के लिए यह सम्मान संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। सम्मान के तहत दोनों को 11 हजार रुपये, मानपत्र और अंगवस्त्रम भेंट किया गया।
छत्तीसगढ़ की ख्यातिलब्ध साहित्यिक संस्था भवानी शंकर स्मृति संस्थान की ओर से प्रतिवर्ष प्रदान किया जाने वाला यह सम्मान शास्त्रीय, लोक और नाट्य कला के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर किए गए विशिष्ट योगदान के लिए दिया जाता है। रंगकर्म के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए इस वर्ष सम्मान के लिए ममता पंडित और अभिषेक पंडित के नाम का चयन किया गया।
सम्मान के लिए गठित निर्णायक समिति ने वर्ष 2026 के सम्मान के लिए ममता पंडित और अभिषेक पंडित को संयुक्त रूप से चुना। समिति के सदस्यों ने रंगकर्म के क्षेत्र में उनके योगदान और सक्रियता को ध्यान में रखते हुए सर्वसम्मति से दोनों को सम्मानित करने का निर्णय लिया।
रायगढ़ में आयोजित समारोह में सम्मान प्राप्त करने के बाद रंगकर्मी दंपती ने आयोजकों और निर्णायक समिति के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के सम्मान कलाकारों को अपनी रचनात्मक यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
आजमगढ़ के रंगकर्मियों को राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान की जानकारी मिलते ही कला और साहित्य जगत से जुड़े लोगों में खुशी का माहौल है। स्थानीय रंगकर्मियों और शुभचिंतकों ने ममता पंडित और अभिषेक पंडित को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Post a Comment

0 Comments