एक सीट के लिए तीन नाम, राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा तैयार कर रही पैनल

UP की 10 राज्यसभा सीटों पर 16 अक्टूबर को मतदान, उम्मीदवार चयन में क्षेत्रीय-सामाजिक समीकरण पर जोर



लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी में मंथन तेज हो गया है। सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में राज्यसभा की 10 सीटों और विधान परिषद की 11 सीटों के लिए उम्मीदवारों को लेकर चर्चा हुई। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार प्रदेश नेतृत्व प्रत्येक राज्यसभा सीट के लिए करीब तीन नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेज सकता है। उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होना है। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी और छह अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। इन 10 सीटों में वर्तमान में आठ भाजपा, एक सपा और एक बसपा के पास है।
24 नामों में से होगा चयन
बैठक में राज्यसभा की प्रत्येक सीट के लिए संभावित दावेदारों के नामों का पैनल तैयार करने पर चर्चा हुई। रिपोर्टों के मुताबिक करीब 24 नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जा सकते हैं, जिनमें से अंतिम उम्मीदवारों का चयन पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा। उम्मीदवार चयन में सामाजिक और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को भी ध्यान में रखे जाने की चर्चा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वांचल, अवध, ब्रज और बुंदेलखंड के साथ विभिन्न सामाजिक वर्गों के प्रतिनिधित्व का संतुलन भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कई पुराने नामों पर भी नजर
राज्यसभा का कार्यकाल पूरा होने वाले भाजपा सदस्यों में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, अरुण सिंह, बृजलाल, गीता शाक्य, सीमा द्विवेदी और बीएल वर्मा समेत अन्य नाम शामिल हैं। डॉ. दिनेश शर्मा के उपराज्यपाल बनने के बाद उनकी सीट रिक्त हुई थी। मीडिया रिपोर्टों में पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और वरुण गांधी के नामों की भी चर्चा बताई गई है। हालांकि इन नामों पर अंतिम निर्णय अभी नहीं हुआ है।
राज्यसभा के साथ उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों के चुनाव भी होने हैं। इनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं तथा मतदान 23 अक्टूबर को प्रस्तावित है। दोनों चुनावों के लिए भाजपा में उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया जारी है।

Post a Comment

0 Comments