सियाराम उमरवैश्य ने राम मंदिर निर्माण के लिए किया था 1 करोड़ रुपये का दान...चढ़ावा चोरी के बाद कहीं बड़ी बात!


अयोध्या/प्रतापगढ़। राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण के बीच प्रतापगढ़ के 75 वर्षीय सियाराम उमरवैश्य एक बार फिर चर्चा में हैं। राम मंदिर निर्माण के लिए वर्ष 2018 में अपनी जमीन बेचकर एक करोड़ रुपये का दान देने वाले सियाराम ने अब अपने फैसले पर गहरा अफसोस जताया है।
सियाराम उमरवैश्य ने कहा कि उन्होंने अपने और अपने बच्चों के भविष्य के लिए रखी जमीन बेचकर मिले एक करोड़ रुपये राम मंदिर निर्माण के लिए दान कर दिए थे। उनका कहना है कि उस समय कई लोगों ने उन्हें इतनी बड़ी राशि दान न करने की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने मंदिर निर्माण से जुड़े लोगों पर भरोसा करते हुए पूरी रकम दान कर दी।
उन्होंने कहा कि अब जब मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी की खबरें सामने आ रही हैं तो उन्हें अपने निर्णय पर पछतावा हो रहा है। उनके अनुसार, यदि आरोप सही हैं तो यह बेहद दुखद है।
सियाराम ने कहा कि जिन लोगों पर मंदिर और श्रद्धालुओं के धन की जिम्मेदारी थी, यदि वही इसमें शामिल पाए जाते हैं तो यह आस्था के साथ विश्वासघात है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को कानून के अनुसार कड़ी सजा मिलनी चाहिए और भगवान भी उन्हें माफ नहीं करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाओं से भगवान राम की छवि नहीं, बल्कि उनके नाम पर जिम्मेदारी निभाने वाले लोगों की विश्वसनीयता प्रभावित होती है। इससे समाज में गलत संदेश जाता है और विरोधियों को भी टिप्पणी करने का अवसर मिलता है।
गौरतलब है कि एक करोड़ रुपये का दान देने के कारण सियाराम उमरवैश्य राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए थे। उन्हें श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण भी दिया गया था।

Post a Comment

0 Comments