लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने आबकारी सिपाही भर्ती के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए रिक्त पदों की संख्या बढ़ा दी है। पहले जहां भर्ती 722 पदों पर प्रस्तावित थी, वहीं अब इसमें 98 नए पद जोड़ दिए गए हैं। इसके साथ ही कुल रिक्तियों की संख्या बढ़कर 820 हो गई है।
आयोग के सचिव हरिकेश चौरसिया ने बताया कि संशोधित पदों के अनुसार आरक्षण का विस्तृत विवरण जारी कर दिया गया है। हालांकि ऑनलाइन आवेदन, शुल्क जमा करने और आवेदन सबमिट करने की समय-सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 जून तक पूरी हो चुकी है, जबकि आवेदन में संशोधन एवं शुल्क समायोजन की अंतिम तिथि 1 जुलाई निर्धारित है। अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं।
इधर, आयोग ने फार्मासिस्ट (भेषजिक) के 564 पदों पर भर्ती के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। लिखित परीक्षा 29 जून को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा नियंत्रक सुभाष प्रजापति ने बताया कि अभ्यर्थी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
इसके अलावा फार्मासिस्ट (आयुर्वेदिक) के 1002 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा का विस्तृत पाठ्यक्रम भी जारी कर दिया गया है।
वहीं बीसीजी तकनीशियन के 255 पदों पर भर्ती के लिए भी प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। इसकी लिखित परीक्षा 30 जून को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक लखनऊ में आयोजित की जाएगी।
आयोग ने उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के 93 पदों पर भर्ती के लिए 29 जून को लखनऊ में होने वाली लिखित परीक्षा के प्रवेश पत्र भी जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

0 Comments