बदायूं। बरेली में कथित हिट एंड रन की घटना के बाद एक बेलगाम टैंकर ने बदायूं की सड़कों पर कई किलोमीटर तक आतंक मचाया। पुलिस द्वारा रोकने के प्रयास के बावजूद चालक तेज रफ्तार में बैरिकेडिंग तोड़ता हुआ फरार होने की कोशिश करता रहा। काफी मशक्कत के बाद वजीरगंज और बिसौली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर टैंकर को कब्जे में लिया।
जानकारी के अनुसार बरेली के आंवला क्षेत्र की ओर से आ रहा टैंकर कथित हिट एंड रन घटना के बाद तेज गति से बदायूं जिले में दाखिल हुआ। कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही जिले की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया और विभिन्न थाना क्षेत्रों में घेराबंदी शुरू कर दी गई। मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहन को रोकने का प्रयास किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलिस के रुकने के संकेत के बावजूद चालक ने टैंकर की रफ्तार और बढ़ा दी। रेहड़िया पुलिस चौकी के पास टैंकर ने बैरिकेडिंग को जोरदार टक्कर मारते हुए उसे घसीट दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि एआरटीओ द्वारा वाहन रोकने का प्रयास भी विफल रहा।
स्थिति गंभीर होने पर बिसौली कोतवाली प्रभारी कमलेश मिश्रा ने वजीरगंज पुलिस के साथ मोर्चा संभाला। पुलिस टीम ने जोखिम उठाते हुए टैंकर का पीछा किया। कई किलोमीटर तक चली पीछा-पकड़ के बाद पुलिस ने आखिरकार टैंकर को रोककर चालक को हिरासत में ले लिया। गनीमत रही कि पूरे घटनाक्रम में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

0 Comments