आजमगढ़ : नशे में धुत बरातियों के उत्पात के बाद चले ईट-पत्थर, कई घायल, अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त!



आजमगढ़। फूलपुर थाना क्षेत्र के खानपुर चितरावल गांव में मंगलवार रात एक शादी समारोह उस समय हिंसक झड़प में बदल गया, जब नशे में धुत बरातियों ने उत्पात मचा दिया। विरोध करने पर घराती और बराती पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
घटना के दौरान प्राथमिक विद्यालय परिसर में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय जगमोहन बिंद की पुत्री प्रीति की शादी बक्सपुर निवासी हरिश्चंद्र बिंद के पुत्र पवन बिंद के साथ तय थी। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की इस शादी में पूरे गांव ने सहयोग किया था। बरात को प्राथमिक विद्यालय परिसर में ठहराया गया था, जहां द्वाराचार की रस्में चल रही थीं।
इसी दौरान कुछ बराती प्रतिमा स्थल के पास बैठकर शराब पीने लगे। ग्रामीणों द्वारा विरोध किए जाने पर कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट और फिर पथराव में बदल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए कुछ उपद्रवियों को हिरासत में ले लिया। बुधवार सुबह प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की खबर फैलते ही ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।
थाना प्रभारी देवेंद्र प्रताप भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में क्षेत्राधिकारी किरण पाल सिंह की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया, जिससे स्थिति सामान्य हो सकी।
पुलिस के अनुसार, क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत करा दी गई है। घटना में शामिल उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि दोबारा किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो।

Post a Comment

0 Comments