लखनऊ। उत्तर प्रदेश में ईद उल अजहा (बकरीद) की छुट्टी को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। 27 मई को बकरीद छुट्टी जहां पहले घोषित की गई थी तो वहीं अब सरकार ने इसको बदलकर 28 मई कर दी है। अब पूरे प्रदेश में 28 मई को छुट्टी रहेगी। प्रशासन की ओर से संशोधित आदेश जारी कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, चांद दिखने और पर्व की तारीख को देखते हुए छुट्टी की नई तारीख निर्धारित की गई है। 28 मई को सरकारी कार्यालय, स्कूल और अन्य संस्थान बंद रहेंगे। मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने कहा कि ऐशबाग स्थित ईदगाह में बकरीद की नमाज 28 मई को सुबह 10 बजे अदा की जाएगी।
मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने लोगों से समय पर ईदगाह पहुंचने और प्रशासन के निर्देशों के पालन की अपील की है। साथ ही सड़कों पर नमाज न अदा करने को कहा है। कुर्बानी के दौरान साफ-सफाई की बात कही। इसके अलावा उन्होंने कहा कि कुर्बानी तय स्थानों पर ही करें और खुले में जानवरों के अवशेष न छोड़ें। शिया धर्मगुरु मौलान कल्वे जवाद ने बकरीद पर्व 28 मई को मनाए जाने की बात कही है। उन्होंने लोगों से धार्मिक परंपराओं के साथ-साथ प्रशासनिक नियमों के पालन की बात कही है।
ईद-उल-अजहा पर्व की तारीख में बदलाव के बाद क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद ने महत्वपूर्ण सूचना जारी करते हुए 28 मई 2026 के सभी निर्धारित अपॉइंटमेंट्स को 27 मई 2026 पर स्थानांतरित कर दिया है। इस निर्णय का असर क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के अंतर्गत आने वाले सभी पासपोर्ट सेवा केंद्र और डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र पर पड़ेगा।

0 Comments