आजमगढ़। सिधारी स्थित SNRD पब्लिक स्कूल में बुधवार को “फन डे, समर वाटर पूल पार्टी, वाटरमेलन एवं आइसक्रीम डे” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा आठ तक के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए पूल पार्टी और वाटर पार्क का आनंद लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पूल के ठंडे पानी, बॉल, गुब्बारे और ट्यूब के साथ जमकर मस्ती की। इसके बाद आयोजित वाटरमेलन डे में बच्चों को तरबूज खिलाया गया तथा विद्यालय की ओर से सभी छात्र-छात्राओं को ठंडी आइसक्रीम वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने डीजे की धुन पर नृत्य कर खूब मनोरंजन किया।
विद्यालय प्रबंधक सत्य प्रकाश तिवारी ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से बच्चों का मन तरोताजा रहता है तथा उनमें नई ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य एवं सकारात्मक माहौल के लिए समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने आवश्यक हैं। विद्यालय निदेशक शिवम् तिवारी ने बच्चों को गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि डिहाइड्रेशन से बचने के लिए नींबू पानी, मौसमी फल तथा हल्के एवं सादे भोजन का सेवन करना चाहिए। उन्होंने धूप से बचाव हेतु शरीर को पूरी तरह ढककर बाहर निकलने की सलाह दी तथा बच्चों को जल संरक्षण का संदेश भी दिया। प्रधानाचार्य संदीप गुप्ता ने बताया कि बच्चों को गर्मी से बचाव के विभिन्न टिप्स दिए गए। उन्होंने कहा कि गर्मियों में अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करना चाहिए, जिससे शरीर में पानी की कमी न हो। कार्यक्रम को सफल बनाने में साहब जां, राकेश सर, विनय गिरी, हर्षदीप, रचित, आकाश, सागर, मीना, श्वेता, निशा, रिया, उजमा, सुनीता, सविता, प्रिया, आकाश राजभर, ऐश्वर्या, महिमा, प्रतिमा तिवारी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।

0 Comments