आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने कथित रूप से अपनी पत्नी की हत्या कर शव को घर के अंदर बंद कर दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, रसीदगंज पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत रानीपुर के मिल्कीपट्टी गांव निवासी अर्जुन बनवासी ने अपनी पत्नी चिंता देवी (लगभग 22 वर्ष) की बीती रात हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को चारपाई पर कंबल से ढक दिया और कमरे का दरवाजा बंद कर फरार हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार, रात के समय पति-पत्नी के बीच विवाद और मारपीट की आवाजें सुनाई दी थीं, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी शराब के नशे में था और उसी दौरान उसने पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। सुबह घटना की जानकारी होने पर ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल टीम मौके के लिए रवाना हुई।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी सदर, थाना प्रभारी निजामाबाद और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच-पड़ताल कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अर्जुन बनवासी की यह दूसरी शादी थी, जो पारिवारिक परंपरा के अनुसार कराई गई थी। क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि महिला का शव कमरे में मिला है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनकी तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments