आजमगढ़। जनपद के तहबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नर्सरी नासिरुद्दीनपुर गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सूरज प्रजापति (22) के रूप में हुई है, जिसका शव मंगलवार को गांव के पोखरे के पास झाड़ियों में बरामद हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूरज प्रजापति सोमवार शाम गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। ग्रामीणों के मुताबिक, वह समारोह के दौरान पत्तल लेने के लिए पास के बाजार गया था और वापस लौटकर पत्तल देने के बाद शौच के लिए पोखरे की ओर चला गया। इसके बाद वह रहस्यमय तरीके से लापता हो गया।
देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अंततः परिजनों ने तहबरपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मंगलवार दोपहर गांव के कुछ युवक जब पोखरे के पास से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर झाड़ियों में पड़े एक शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर शव की पहचान सूरज प्रजापति के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई।
घटना की सूचना पर थाना प्रभारी आदित्य सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, एसपी ग्रामीण चिराग जैन, सीओ बुढ़नपुर अजय प्रताप सिंह, एसओजी व फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या का प्रतीत हो रहा है। फॉरेंसिक जांच के आधार पर सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। गांव में इस घटना के बाद भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी है।

0 Comments