आजमगढ़: SNRD पब्लिक स्कूल में वार्षिक परिणाम समारोह धूमधाम से सम्पन्न...मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान!




आजमगढ़ । SNRD पब्लिक स्कूल, ऊंचागांव के प्रांगण में मंगलवार, 31 मार्च को वार्षिक परीक्षा परिणाम वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर विद्यालय के प्रबंधक सत्य प्रकाश तिवारी एवं निदेशक शिवम तिवारी द्वारा माल्यार्पण कर किया गया, जबकि प्रधानाचार्य शुभम तिवारी ने पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया।
समारोह में विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल, शील्ड एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही अभिभावकों और बच्चों को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की गई। विशेष रूप से मेधावी विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया, जिससे पूरे परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।
विद्यालय के निदेशक शिवम तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके परिश्रम, अनुशासन तथा शिक्षकों और अभिभावकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने छात्रों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रबंधक सत्य प्रकाश तिवारी ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करना विद्यालय का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आश्वासन दिया कि विद्यालय परिवार शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
प्रधानाचार्य शुभम तिवारी ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए बताया कि विद्यालय परिसर में ही अब प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की व्यवस्था भी शुरू की जाएगी, जिससे छात्रों को व्यापक अवसर मिल सकें। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन अपनाने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा नर्सरी से लेकर सभी कक्षाओं के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। समारोह में दीपक श्रीवास्तव, हरेंद्र यादव, सुरेश यादव, राजमिन्तू प्रजापति, रामकृष्ण यादव, अरविंद चौहान सहित सैकड़ों अभिभावकों की उपस्थिति रही। अंत में सभी अध्यापक एवं कर्मचारीगण की मौजूदगी में कार्यक्रम का समापन हुआ।

Post a Comment

0 Comments