आजमगढ़। हरबंशपुर स्थित सर्वाेदय पब्लिक स्कूल में वार्षिक परीक्षा परिणाम वितरण समारोह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ, जिसके बाद छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। समारोह में विद्यालय की प्रबंध निदेशिका कंचन यादव ने विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नर्सरी से लेकर इंटरमीडिएट तक के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी सफल विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
विद्यालय के प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी मेहनत का परिणाम आज सामने आया है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए इस वर्ष से नीट और जेईई की फाउंडेशन कक्षाएं शुरू की जाएंगी, जिससे छात्र अपने जनपद में रहकर ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें। उपप्रधानाचार्य संजय कुमार विश्वकर्मा ने भी छात्रों को बधाई देते हुए अनुशासित जीवन और निरंतर प्रयास का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

0 Comments