आजमगढ़। हैदराबाद के कन्हा शांति वनम में 6 से 10 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाली सातवीं पैरा नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप के सफल संचालन के लिए आजमगढ़ के अंतरराष्ट्रीय स्तर के तकनीकी अधिकारी अजेंद्र राय को रेफरी नामित किया गया है। भारतीय बैडमिंटन संघ के सचिव संजय मिश्रा ने उन्हें इस चैंपियनशिप का रेफरी नियुक्त किया है। प्रतियोगिता उनके निर्देशन में संपन्न होगी।
दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए आयोजित इस राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में देशभर से विभिन्न श्रेणियों के लगभग 535 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। चैंपियनशिप को छह मुख्य वर्गों में विभाजित किया गया है। खिलाड़ियों के वर्गीकरण के लिए बीडब्ल्यूएफ क्लासिफायर डॉक्टरों का पैनल भी नियुक्त किया गया है, जो खिलाड़ियों की दिव्यांगता का प्रमाणन करेगा।
प्रतियोगिता के आयोजन सचिव मधुसूदन रेड्डी, निदेशक हार्टफुलनेस गोपीचंद बैडमिंटन अकादमी को बनाया गया है। वहीं भारत के मुख्य पैरा बैडमिंटन कोच गौरव खन्ना, साई के आनंद कुमार और बत्री नारायण को जूरी सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चैंपियनशिप के सफल संचालन के लिए भारतीय पैरा बैडमिंटन के चेयरमैन प्रभाकर राव स्वयं मौके पर मौजूद रहकर खिलाड़ियों के सहयोग में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
अजेंद्र राय को मिली इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पर जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष विजय बहादुर पाठक, डाइट प्राचार्य अमरनाथ राय, एडी बेसिक मनोज कुमार मिश्रा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक, जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष डॉ. डी.पी. राय, सचिव डॉ. पीयूष कुमार सिंह, कृष्णामोहन त्रिपाठी, कृष्णकांत मिश्रा, राजेंद्र प्रसाद यादव, पुनीत राय, विजय कुमार सिंह, रमाकांत वर्मा, परमहंस सिंह, प्रवीण कुमार सिंह सहित अन्य लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।

0 Comments