“हारा हूं बाबा पर तुझपे भरोसा है…आजमगढ़ में भक्ति का सागर उमड़ा ” भजनों पर देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु



आजमगढ़। शहर के अठवरिया मैदान में रविवार की रात भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री रानी सती श्याम भक्त मंडल के तत्वावधान में आयोजित भव्य श्री श्याम महोत्सव में हजारों श्रद्धालु बाबा श्याम के रंग में रंगे नजर आए। कार्यक्रम में नारायणी भजन संध्या एवं श्री श्याम भक्त मंडल, आजमगढ़ का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना और बाबा श्याम की ज्योति प्रज्वलन के साथ हुई। श्रद्धालुओं ने अपने और अपने परिवार के सुख-समृद्धि व मंगलमय जीवन की कामना की। जैसे ही भजनों की स्वर लहरियां गूंजनी शुरू हुईं, पूरा अठवरिया मैदान भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा।
देशभर से आए भजन कलाकारों ने बांधा समां
जयपुर से पधारीं सुप्रसिद्ध भजन गायिका रजनी राजस्थानी और उड़ीसा से आईं शुभांगी सोनी ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। “सांवरे की महफिल को सांवरा सजाता है” जैसे भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। रजनी राजस्थानी ने जब मंच से “हारा हूं बाबा पर तुझपे भरोसा है, जीतूंगा एक दिन मेरा दिल ये कहता है” और “दीनानाथ मेरी बात छानी कोनी तेरे से” जैसे लोकप्रिय भजन सुनाए तो श्रद्धालु देर रात तक झूमते और नृत्य करते नजर आए। मधुर संगीत, आकर्षक मंच सज्जा और भक्तों की उमंग ने आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया।
खचाखच भरा रहा मैदान
कार्यक्रम की भव्यता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अठवरिया मैदान श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी भक्ति रस में डूबे नजर आए। आयोजकों की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य यशवंत सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विक्रम बहादुर सिंह, पूर्व भाजपा प्रत्याशी अखिलेश कुमार मिश्रा ‘गुड्डू’, विधायक दुर्गा प्रसाद यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। भक्ति और उत्साह से भरी इस श्याम महोत्सव की रात ने श्रद्धालुओं के मन में आस्था की नई ऊर्जा भर दी। देर रात तक गूंजते रहे “जय श्री श्याम” के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

Post a Comment

0 Comments