सनबीम स्कूल आज़मगढ़ में ‘कलासंगम 2025-26’ का हुआ आयोजन...दस वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित थीम ने आकर्षित किया ध्यान!



आज़मगढ़। सनबीम स्कूल आज़मगढ़ में रविवार को वार्षिक समारोह ‘कलासंगम 2025-26’ का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष समारोह की थीम “10 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, सफलता और एकता” रही, जिसके माध्यम से विद्यालय ने अपनी दशकभर की उपलब्धियों और विकास यात्रा को प्रस्तुत किया। समारोह की शुरुआत संस्थान के उन कर्मचारियों के सम्मान से हुई जिन्होंने 6 वर्ष से अधिक की सेवाएँ पूर्ण की हैं। प्रबंधन ने उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नारी शक्ति, महाकुंभ, पहलगाम हमला, वन संरक्षण और वंदे मातरम् जैसे विषयों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। मंचन के दौरान सामाजिक संदेश और कलात्मक अभिव्यक्ति का प्रभावशाली संयोजन देखने को मिला। एक विशेष प्रस्तुति में विद्यालय की 10 वर्षीय यात्रा, उपलब्धियाँ और महत्वपूर्ण पड़ाव दर्शकों के सामने विस्तार से प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सुश्री अर्चना सिंह, प्रिंसिपल, सनसिटी वाराणसी, सुश्री विभा राय, हेड मिस्ट्रेस, सनबीम भगवाँनपुर, वाराणसी उपस्थित रहीं। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की प्रशंसा की और विद्यालय की निरंतर प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। समारोह में शहर के कई गणमान्य व्यक्तियों तथा बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लिया।
होप हाउस को मिला सर्वश्रेष्ठ हाउस ट्रॉफी
शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर होप हाउस को सर्वश्रेष्ठ हाउस ट्रॉफी प्रदान की गई। ट्रॉफी बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स और विद्यालय के अध्यक्ष भोला प्रसाद द्वारा प्रदान की गई। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह और गतिविधियों से भरा रहा। विभिन्न कार्यक्रमों के सटीक संचालन और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने समारोह को सफल बनाया। प्रबंधन के अनुसार यह वार्षिक समारोह विद्यालय की दस वर्षीय प्रगति और भविष्य के लक्ष्य को नई दिशा प्रदान करता है।

Post a Comment

0 Comments