लखनऊ। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के सण्डीला कस्बे में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। एक पति, जो सात साल पहले घर से लापता हो गया था, उसको उसकी पत्नी ने एक सोशल मीडिया रील में दूसरी महिला के साथ देखा। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। इस घटना ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है।
सण्डीला के आटामऊ निवासी जितेंद्र कुमार उर्फ बबलू का विवाह 2017 में मुरारनगर की शीलू के साथ हुआ था। शादी के एक साल तक सब कुछ ठीक रहा। इस दौरान शीलू गर्भवती हुई और एक बेटे को जन्म दिया। लेकिन अप्रैल 2018 में जितेंद्र अचानक लापता हो गया। परिजनों ने उसे खोजने की बहुत कोशिश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। जितेंद्र के पिता हवलदार ने 20 अप्रैल 2018 को सण्डीला थाने में अपने बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
हाल ही में जितेंद्र की पत्नी शीलू मोबाइल पर सोशल मीडिया रील देख रही थी, तभी उसकी नजर एक रील पर पड़ी, जिसमें उसने अपने पति जितेंद्र को किसी अन्य महिला के साथ देखा। यह देखकर शीलू हैरान रह गई। उसने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी और बताया कि जितेंद्र पंजाब के लुधियाना में रह रहा है और उसने धोखे से दूसरी महिला से शादी कर ली है।
शीलू की शिकायत पर सण्डीला पुलिस ने जांच शुरू की और रील में दी गई जानकारी को सत्य पाया। पुलिस ने शीलू की तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया और जितेंद्र को लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया। शीलू ने आरोप लगाया कि जितेंद्र और उसके ससुराल पक्ष ने उसके साथ धोखा किया है।
0 Comments