लखनऊ। दिल्ली एनसीआर समेत देश के कई राज्यों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। कहीं जोरदार हवाएं चल रही हैं तो कहीं पर बारिश के आसार जताए जा रहे हैं। उत्तर भारत में तेज ठंडी हवाओं के कारण सुबह शाम की ठंडक बनी हुई है तो वहीं दोपहर में खिली धूप ने गर्मी बढ़ाई है। कैसा होगा गुरुवार (6 मार्च, 2025) का मौसम आइये जानते हैं।
भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में उत्तर पश्चिम दिशा से 14 से 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावनाएं जताई है। तेज हवाओं के कारण तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी। गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तो वहीं न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर प्रदेश में दिख रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. हालांकि, आईएमडी का कहना है कि शुक्रवार (7 मार्च, 2025) को हवाओं की रफ्तार में कमी आएगी
प्रदेश में लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। बुधवार को गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, सहित आसपास के जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलती रही। जिससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। लखनऊ में 12.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम और 25.9 अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग की मानें तो आज पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहने वाला है। इस दौरान दोनों हिस्सों में 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अलर्ट जारी है। इसकी रफ्तार बढ़कर 35 किलोमीटर प्रति घंटा भी हो सकती है। इसके अलावा यूपी में 7, 8 और 9 मार्च को मौसम साफ रहने वाला है।
0 Comments