सिपाही ने पत्नी की हत्या कर खुद को गोली से उड़ाया, मचा हड़कंप


लखनऊ।
राजधानी में आजादनगर क्षेत्र के हसनपुर में शुक्रवार शाम कानपुर के बिठूर थाने में तैनात सिपाही ने ससुराल में पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और खुद को गोली से उड़ा लिया। फायरिंग की आवाज सुन कर ससुराल के लोगों ने कृष्णानगर थाने को सूचना दी। परिवार के लोग सिपाही और उसकी पत्नी को इलाज के लिए केजीएमयू ट्रामा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के पीछे पारिवारिक कलह बताई जा रही है। महिला जीपीओ में लिपिक पद पर तैनात थी। पीजीआई कल्ली पश्चिम निवासी सर्वेश रावत (31) की शादी आजादनगर हसनपुर निवासी मीरा रावत (28) से हुई थी। मीरा जीपीओ में लिपिक थी। वहीं, सर्वेश कानपुर के बिठूर में तैनात था। शुक्रवार को वह हसनपुर स्थित ससुराल पहुंचा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सर्वेश किसी बात को लेकर पत्नी पर संदेह करता था। शाम करीब 7.30 बजे मीरा घर की पहली मंजिल पर थी। सिपाही पहुंचा और फिर पुराने विवाद को लेकर फिर झगड़ा होने लगा। इस दौरान सिपाही ने पत्नी को पिस्टल से पेट में गोली मार दी। वह खून से लथपथ होकर गिर गई। इस बीच सर्वेश ने खुद भी कनपटी पर गोली मार ली। फायरिंग की आवाज सुन कर मीरा का भाई गणेश ग्राउंड फ्लोर से भाग कर पहली मंजिल के कमरे में पहुंचा। जहां बहन-बहनोई खून से लथपथ पड़े मिले। गणेश ने वारदात की सूचना कृष्णानगर पुलिस को दी थी। सर्वेश और मीरा को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। जहां दोनों की मौत हो गई। डीसीपी दक्षिण केशव कुमार ने बताया कि हसनपुर में दंपति की गोली मारकर हत्या की सूचना मिली है। पता चला कि सिपाही ने पहले पत्नी मीरा को गोली मारी फिर खुद को भी मार लिया। शुरुआती जांच में पता चला कि सिपाही किसी बात को लेकर पत्नी पर संदेह करता था। पारिवारिक कलह में वारदात हुई। परिवार के लोगों से पूछताछ कर घटना के अन्य तथ्य जुटाए जा रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments