तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों का रहा है आजमगढ़ से रिश्ता...रामनरेश के सीएम बनने के बाद 1978 में पहली बार हुआ था उपचुनाव!


आजमगढ़। लोकसभा क्षेत्र आजमगढ़ से तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों का भी रिश्ता रहा है। इसमें एक जिले तो बाकी दो बाहरी रहे। मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के अलावा रामनरेश यादव को भी जनता जीत का ताज पहना चुकी है। पहले आम चुनाव के बाद से अब तक यहां तीन उपचुनाव हो चुके हैं। वर्ष 1978, 2008 और 2022 में। वर्ष 1977 में जनता पार्टी की लहर में रामनरेश यादव कांग्रेस के चंद्रजीत यादव को 1,37,810 मतों से पराजित कर आजमगढ़ लोेकसभा सीट से सांसद बने थे, लेकिन उन्हें उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया गया, तो सीट खाली हो गई। 1978 में उपचुनाव की घोषणाा हुई तो कांग्रेस ने चंद्रजीत की जगह मोहसिना किदवई को मैदान में उतारा। उनके लिए खुद इंदिरा गांधी ने प्रचार की कमान संभाल ली थी। यह इंदिरा गांधी का ही असर था कि मोहसिना किदवई ने जनता पार्टी के रामबचन यादव को करारी शिकस्त दे दी। तब जनता पार्टी के रामबचन यादव को 95,944 मत, जबकि कांग्रेस की मोहसिना किदवई को 1,31,329 मत मिला था। जनता को दूसरे उपचुनाव का सामना वर्ष 2008 में उस समय करना पड़ा था, जब वर्ष 2004 में बसपा के टिकट पर सांसद बने रमाकांत यादव की नजदीकियां सपा से बढ़ीं और बसपा ने उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया।


सपा ने उपचुनाव में रमाकांत को टिकट न देकर पूर्व मंत्री बलराम यादव को मैदान में उतार दिया। रमाकांत यादव ने भाजपा का कमल थाम लिया और मैदान में कूद गए। तब सरकार में रही बसपा ने अकबर अहमद डंपी को उतारकर पूरी ताकत झोंक दी और यह सीट 52,368 मतों के अंतर से जीत ली। सपा को 1,53,671 मतों के साथ तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा था। साल 2019 में हुए आमचुनाव में यहां से अखिलेश यादव ने चुनाव जीता था, लेकिन करहल सीट से विधायक चुने जाने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया। इसके बाद यहां तीसरी बार 2022 में उपचुनाव कराना पड़ा था। उपचुनाव में भाजपा ने भोजपुरी फिल्म अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ को मैदान में उतारा तो सपा ने परिवार के धर्मेंद्र यादव पर दांव लगाया। बसपा ने यहां से शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली को मैदान में उतार दिया। तीसरे उपचुनाव में निरहुआ ने धर्मेंद्र यादव को 8,679 वोटों से हरा दिया। दिनेश लाल यादव निरहुआ को 3,12, 768 वोट, जबकि धर्मेंद्र यादव को 3, 4089 मत प्राप्त हुए। वहीं, तीसरे नंबर पर रहे गुड्डू जमाली को 2 लाख 66 हजार 210 वोट मिले। एक बार फिर दिनेश और धर्मेंद्र आमने-सामने होंगे, जबकि जमाली सपा के साथ नजर आएंगे।

Post a Comment

0 Comments