आजमगढ़:ABVP ने फूंका ममता का पुतला...संदेशखाली घटना को लेकर आक्रोशित हुए छात्र!


आजमगढ़।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के संदेश खाली में हो रहे महिला विरोधी कुकृत्य के विरुद्ध डीएवी पीजी कॉलेज के गेट पर एकत्रित होकर पदयात्रा करते हुए कलेक्ट्रेट चौराहे पर विरोध प्रदर्शन कर ममता बनर्जी का पुतला दहन किया गया। इस दौरान अभाविप के महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय के संयोजक अपराजिता सिंह ने कहा कि,“ पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी लगातार जनविरोधी नीतियों को बढ़ावा दे रही हैं तथा भ्रष्टाचारियों व अपराधियों का संरक्षण कर रही हैं। तुष्टीकरण की नीति से आम जनमानस त्रस्त है, एक ओर सरकार संरक्षित भ्रष्टाचारी हर ओर भ्रष्टाचार कर आम लोगों का हक मार रहे हैं,वहीं दूसरी ओर कानून व्यवस्था की जर्जर स्थिति से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है, वहां महिलाओं का कोई सम्मान नहीं है। टीएमसी के गुंडे महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं और ममता बनर्जी तुष्टिकरण के नाम पर मौन साधकर बैठी हुई है। वहां जिनके साथ ज्यादती हुई, उनमें से अधिकांशतः पिछड़े वर्ग तथा अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाएं हैं। 
नगर सह-मन्त्री सुश्री चाहत विश्वकर्मा ने कहा कि, “संदेशखाली में महिलाओं के साथ ज्यादती का घटनाक्रम जब सामने आया तभी से विद्यार्थी परिषद न्याय की मांग को लेकर पूरे देश के शैक्षणिक संस्थानों में प्रदर्शन कर रही है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद पश्चिम बंगाल की महिलाओं की सुरक्षा तथा सम्मानपूर्ण जीवन सरकार की प्राथमिकता में नहीं है। जिला संयोजक लालगंज अभिषेक राय ने कहा कि पश्चिम बंगाल में निरंकुशता अपने चरम पर है, टीएमसी की विभाजनकारी नीति ने राज्य के सुनहरे भविष्य को अंधेरे में धकेल रखा है। आज पश्चिम बंगाल का आम जनमानस काफी डरा हुआ है, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी सरकार पश्चिम बंगाल में मानवता को कुचल रही है। इस दौरान विभाग संगठन मंत्री शिवम पाण्डेय, गौरव शर्मा, ज्ञान प्रकाश सिंह, राज सिंह, महिमा, तनु, अभिषेक, प्रियांशु सिंह, ऋषभ देववंती देवी समेत सैकड़ों, विद्यार्थी, महिलाए व अन्य सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments