आजमगढ़ः घायल बंदरिया को मिला एसपी सिटी का सहारा....गोद में आते ही खिल उठी!


आजमगढ़। शहर में बंदरों के उत्पात के आए दिन किस्से सामने आते हैं। इस समस्या को लेकर शहरवासियों ने कई बार प्रदर्शन भी किया था। इस समस्या को लेकर नगर पालिका परिषद की तरफ से एक दिन पूर्व ही बंदरों को पकड़ने का अभियान चलाया गया था। लेकिन खास बात यह भी है कि बंदरों की उत्पात से खुद उनके ही प्रजाति के बंदर भी नहीं बच पा रहे हैं। इसी क्रम में एक छोटी बंदरियां को कई बंदरों ने दौड़ा लिया और घेर लिया था। भागती हुई बंदरिया आजमगढ़ शहर के रैदोपुर स्थित ऑफिसर्स कॉलोनी में एसपी सिटी के आवास पर पहुंच गई। इस दौरान एसपी सिटी शैलेंद्र लाल व उनकी पत्नी सुमन भी आवास पर मौजूद थीं। छोटी बंदरियां के भाग कर जान बचाने के उद्देश्य से आवास पर आने के बाद एसपी सिटी की पत्नी ने उसको शरण दी। खास बात है कि एसपी सिटी की पत्नी के पास बंदरियां के आते ही उसको भी अपनापन का एहसास हुआ और वह यहीं पर रह गई। 

एसपी सिटी ने बताया कि बंदरिया थोड़ी-सी घायल हुई है। जिसको इलाज के लिए डॉक्टर पास ले जाए जा रहा है। वहीं एसपी सिटी की पत्नी सुमन ने बताया कि वह अहिंसा में विश्वास रखती हैं और पशु प्रेमी भी हैं। शायद इसका एहसास उस छोटी सी बंदरिया को भी हो गया था कि यहां पर उसको शरण मिल जाएगी। कहा कि अभी इसको बाहर छोड़ेंगे तो शायद बंदर फिर इस पर हमला कर देंगे। बंदरिया को बुखार है और थोड़ी चोट भी है जिसका वह इलाज करा देंगी। फिलहाल बंदरिया एसपी सिटी की पत्नी के आसपास ही या उनके गोद में ही रह रही है।

Post a Comment

0 Comments