प्रेमिका ने किया बेइज्जत तो यूट्यूब से सीखा तरीका... उड़ाने के लिए कर दिया बम प्लांट!


आगरा। ताजनगरी आगरा में वायु विहार मार्ग में खोखे के नीचे बम रखने के आरोपी के पुलिस ने पकड़ लिया। उसने चौंकाने वाले खुलासे किए। आरोपी 44 वर्षीय मार्बल कारीगर गया प्रसाद ने बताया कि यूट्यूब से बम बनाने का तरीका सीखा। इसके लिए खुद ही पत्थर को काटकर चिपकाकर बॉक्स बनाया था। इसके बाद चिंगारी से धमाका कराने के लिए पंखे में प्रयोग होने वाला कंडेंसर लगाया। रविवार की रात खोखे के नीचे बम रखकर चला गया। सोमवार सुबह चिंगारी लगाने आया था। मगर, बम नहीं फटा। पुलिस के आने पर भी देखने पहुंचा था। मगर, भीड़ को देखकर वापस चला गया।

एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि आरोपी गया प्रसाद मूलरूप से फतेहपुर सीकरी का रहने वाला है। शादीशुदा नहीं है। माता-पिता की मौत हो चुकी है। वर्तमान में कलवारी में पेट्रोल पंप के पास रहता है। वह काफी समय से खोखे पर आ रहा था। इस दौरान खोखा संचालक के परिवार की युवती से एकतरफा प्यार करने लगा। वह उसे बहाने से एक बार बाजार भी ले गया था। तब उसने उसकी बातों पर ध्यान नहीं दिया। उसे बेइज्जत कर दिया। बाद में उसकी शादी हो गई। वह एक और युवती को जाल फंसाने की कोशिश करने लगा। मगर, इस बार भी बात नहीं बन सकी। उसने सोचा कि खोखा संचालक को सबक सिखाएगा। इसलिए यूटयूब पर वीडियो देखने लगा। उसे एक वीडियो में आसानी से बम बनाने का तरीका मिल गया। वह कई सारे पटाखे खरीद लाया। उनका बारूद निकाल लिया।

पत्थर काटकर एक बॉक्स तैयार किया। उसे अच्छे से चिपका दिया। उसमें तार निकालकर बारूद भर दिया। उसके बंद कर दिया। इसके बाद तारों से कंडेंसर लगा दिया। उसे लग रहा था कि कंडेंसर से स्पार्किंग हो जाएगी। रविवार रात को बम रख गया। सोमवार सुबह 11 बजे आया। वह आग लगाकर चला गया। उस समय खोखा संचालक नहीं थे। इसी समय उनकी बेटी आई। धुआं निकलता देखा। उस पर बोरे मारे, जिससे तार टूट गए। आग नहीं लग सकी। मंगलवार को पुलिस के आने पर भी पहुंच गया। मगर, भीड़ देखकर लौट गया था। पुलिस ने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज देखे थे। इसमें वो नजर आ रहा है। पुलिस ने उसके फुटेज निकलवाए थे। लोगों को दिखाए थे। खोखा संचालक ने भी फोटो देखी। इससे उसकी पहचान हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है।

Post a Comment

0 Comments