आजमगढ़: PM के आने से पहले अधिकारियों में मंत्र फूंक गए CM योगी...


आजमगढ़। मन्दुरी एयरपोर्ट और महाराज सुहेलदेव विश्वविद्यालय के लोकार्पण के लिए आगामी 10 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके पहले रविवार को सीएम योगी ने दोनों जगहों का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिया। निरीक्षण के उपरान्त मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान उच्चाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल को सुव्यवस्थित तरीके से निर्धारित समय में पूर्ण कर लिया जाए। मन्दुरी एयरपोर्ट पर स्थायी डिजिटल बोर्ड लगाकर एक जनपद एक उत्पाद के अन्तर्गत आने वाले उत्पाद मुबाकरपुर की साड़ी एवं ब्लैक पाटरी तथा स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण स्थानों को प्रदर्शित कराया जाय। इसी के साथ ही प्रस्तावित कार्यक्रम में जनपद में 10 करोड़ की परियोजनाएं जो पूर्ण हो गयी है, जिसका लोकार्पण किया जाना है उसकी तैयार पहले से ही करा ली जाय।

उन्होंने कहा कि पूरे आजमगढ़ शहर एवं प्रमुख स्थलों की अभियान चलाकर युद्ध स्तर पर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। पूरे शहर क्षेत्र में वृक्षारोपण कर हरा भरा बनाया जाए। आम-जन को ध्यान में रखते हुए आने जाने के लिए रूट का डायवर्जन सुनिश्चित करा लिया जाय। प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल से अधिक दूरी पर वाहनों के लिए पार्किंग स्थल न बनाया जाए। उन्होंने कहा कि पार्किंग स्थल पर्याप्त एरिया में बनाई जाए। जिससे कि वाहनों को आने-जाने में किसी प्रकार की समस्या ना हो तथा जाम जैसी परेशानी का सामना आम जनता को न करना पड़े। बारिश के मौसम को देखते हुए वॉटरप्रूफ जर्मन हैंगर टेंट लगाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारी संख्या में आने वाली आम जनता के लिए महिला एवं पुरुष के लिए शौचालय एवं मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था करा ली जाय। सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित किया जाय। सुरक्षा की दृष्टि से लगातार पेट्रोलिंग पुलिस विभाग के अधिकारी करते रहे उन्होंने कहा कि आम जनता के लिए कार्यक्रम स्थल पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम को भी सक्रिय किया जाए। पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से जरूरी दिशा निर्देश जनता को देते रहे। निरीक्षण के उपरांत मुख्यमंत्री ने नगर पालिका आजमगढ़ के पूर्व अध्यक्ष एवं जनपद के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ कन्हैया सिंह के आवास पर पहुंच कर श्रद्धांजलि एवं शोक संवेदना व्यक्त किया। बैठक के दौरान सांसद दिनेश लाल यादव “निरहुआ“, आईजी वाराणसी जोन, जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक आजमगढ़, मऊ, एयरपोर्ट अथारिटी अधिकारी, पीडब्लूडी, परिवहन विभाग के अधिकारी, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, जिला अध्यक्ष श्री कृष्णपाल, सूरज प्रकाश श्रीवास्तव, प्रेम प्रकाश राय, पूर्व सांसद नीलम सोनकर, अखिलेश मिश्र गड्डू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments