छेड़खानी को दबाने में भी निलंबित हुआ था सिपाही से दुष्कर्म का आरोपी दरोगा, केस दर्ज होते ही कराया ट्रांसफर



मुरादाबाद। अमरोहा में तैनात महिला सिपाही से दुष्कर्म करने के आरोपी दरोगा ललित चौधरी पर कुंदरकी थाने में एसओ के पद पर तैनाती के दौरान छात्रा से छेड़खानी की घटना को दबाने के गंभीर आरोप लगे थे। जिससे आहत होकर 12वीं की छात्रा ने दो पेज का सुसाइड नोट लिखकर आत्महत्या कर ली थी। तब एसएसपी ने ललित चौधरी को निलंबित कर दिया था। मूलरूप से अलीगढ़ निवासी महिला सिपाही ने बुधवार को अमरोहा के महिला थाने में दरोगा ललित चौधरी, उसकी पत्नी और भाई के खिलाफ केस दर्ज कराया है। जिसमें पीड़ित ने बताया कि वह मुरादाबाद के एक थाने में महिला हेल्प डेस्क पर नाइट ड्यूटी करती थी। तब दरोगा उसे कमरे पर छोड़ने के बहाने अपने साथ ले गया और दुष्कर्म किया।

इसके बाद शादी का झांसा देकर उसे ब्लैकमेल किया और गर्भपात भी कराया था। आरोपी दरोगा बुलंदशहर के खुशूरपुर निवासी है। बताया जा रहा है कि मुरादाबाद में दरोगा करीब पांच साल तैनात रहा है। अब वह पीलीभीत ट्रांसफर पर चला गया है। यहां मझोला थाने की लाकड़ी फाजलपुर चौकी, कांठ थाने की एक चौकी में भी प्रभारी रहा है। इसके अलावा वह कुंदरकी में एसओ के पद पर भी तैनात रह चुका है। 28 मार्च 2022 को ललित चौधरी को निलंबित कर दिया गया था। होली वाले दिन कुंदरकी क्षेत्र के गांव में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा के साथ घर में घुसकर कुछ युवकों ने छेड़खानी की थी। कुंदरकी पुलिस ने छेड़खानी की इस घटना को दबाने के लिए केवल शांति भंग में कार्रवाई कर दी थी।

इस चर्चित मामले में तत्कालीन एसओ ललित चौधरी की लापरवाही सामने आई थी। तब एसएसपी हेमराज मीना ने ललित चौधरी को निलंबित कर दिया था। कुछ माह बाद उसे बहाल कर दिया गया था। इसके बाद उसे ऑपरेशन दृष्टि का प्रभारी बना दिया गया था। ऑपरेशन दृष्टि के तहत जनपद में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। आरोपी दरोगा ने पीड़ित सिपाही के साथ मुरादाबाद में अलग-अलग स्थानों पर दुष्कर्म किया था। पीड़िता ने दर्ज कराए केस में बताया कि आरोपी दरोगा ने उसे मझोला क्षेत्र के एक अपार्टमेंट में फ्लैट में रखा और दुष्कर्म किया। एक दिन आरोपी के मोबाइल पर आई कॉल से पता चला कि वह शादीशुदा है। आरोप है कि उसकी पत्नी और भाई ने भी महिला सिपाही के साथ मारपीट की थी। पीड़िता का ट्रांसफर देहात क्षेत्र के थाने में हुआ तो आरोपी ने वहां जाकर भी उसके साथ दुष्कर्म किया। जिससे तंग आकर पीड़िता ने पुलिस अफसरों को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। तब आरोपी ने पीड़िता से कहा कि वह उसके पक्ष में बयान दें। कुछ दिन बाद शादी कर लेगा। वरना उसकी थानेदारी भी चली जाएगी, लेकिन आरोपी ने उसके साथ शादी नहीं की थी। बुधवार को पीड़िता ने अमरोहा में केस दर्ज कराया तो आरोपी मुरादाबाद से ट्रांसफर कराकर पीलीभीत के लिए रवाना हो गया। एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि दरोगा का ट्रांसफर मुरादाबाद से पीलीभीत हो चुका है।

पीड़िता ने अमरोहा एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसने मुरादाबाद में तैनाती के दौरान कई बार पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। जब पीड़िता मुरादाबाद से ट्रांसफर होेकर अमरोहा आई तो यहां भी उसके साथ दुष्कर्म किया गया और मारपीट की गई। महिला कांस्टेबल से दुष्कर्म के मामले की जांच नौगांवा सादात सर्किल की सीओ अंजलि कटारिया करेंगी। पीड़ित कांस्टेबल से मुरादाबाद के एक थाने में तैनाती के दौरान वहीं तैनात दरोगा ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया था। इतना ही नहीं दो बार गर्भपात कराया। तीसरी बार भी महिला कांस्टेबल गर्भवती है। दरोगा, उसकी पत्नी और भाई पर केस दर्ज हुआ है।

कांस्टेबल मूलरूप से अलीगढ़ जनपद की रहने वाली है। उसकी पहली तैनाती मुरादाबाद के एक थाने में हुई थी। उसी थाने में तैनात दरोगा ललित चौधरी कांस्टेबल के पास पहुंचा और बात करने लगा। महिला कांस्टेबल जिस गांव की है दरोगा ने वहां अपनी ननिहाल बताई। ड्यूटी खत्म होने के बाद दरोगा महिला कांस्टेबल को अपने साथ कार में बैठा कर कमरे पर ले गया और कांस्टेबल के साथ दुष्कर्म किया।

Post a Comment

0 Comments