समधन पर भारी समधी, जेठ ने दी बहू को मात...जानें रिश्ते-नातेदारों की सीट के हाल



भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के परिणाम तकरीबन साफ हो गए हैं। हम प्रदेश में उन सीटों की बात करते हैं, जहां रिश्तेदार ही आमने-सामने थे। कहीं समधी ने समधन को हराया है तो कहीं चाचा ने भतीजे को तो कहीं भतीजे ने चाचा को हरा दिया है। डबरा विधानसभा सीट पर समधी-समधन के बीच जंग हुई। यहां पर तीसरी बार समधी और समधन आमने-सामने थे। कांग्रेस ने सुरेश राजे को टिकट दिया था। वहीं, भाजपा ने पूर्व मंत्री इमरती देवी को प्रत्याशी बनाया। दोनों आपस में समधी-समधन लगते हैं। सुरेश राजे ने 2267 वोट से जीत दर्ज की। सागर विधानसभा सीट में बहू और जेठ आमने सामने थे। कांग्रेस ने निधि सुनील जैन को टिकट दिया था तो भाजपा ने शैलेंद्र जैन को प्रत्याशी बनाया। शैलेंद्र जैन रिश्ते में निधि सुनील जैन के जेठ हैं। शैलेंद्र जैन यहां से 15021 वोट से जीते हैं। देवतालाब विधानसभा सीट पर चाचा-भतीजे के बीच लड़ाई हुई। भाजपा ने विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम को टिकट दिया था। जबकि कांग्रेस ने उनके भतीजे पद्मेश गौतम को प्रत्याशी बनाया। बता दें कि यहां से गिरीश गौतम ने 24386 वोट से जीत दर्ज की है।



Post a Comment

0 Comments