लखनऊ। सीएचसी से 50 मीटर की दूरी पर संचालित तेजस हॉस्पिटल में भर्ती युवती के साथ इलाज करने वाले डॉक्टर विजय कुमार गिरि पर नशीला इंजेक्शन लगाकर दुष्कर्म का आरोप लगा है। बृहस्पतिवार को जब परिजनों को इस बात का पता चला तो उन लोगों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को हिरासत में ले लिया है। युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
बख्शी का तालाब के एक गांव की रहने वाली 19 वर्षीय युवती एक प्राइवेट कॉलेज के हॉस्टल में रहकर तीन माह का डिप्लोमा कोर्स कर रही है। युवती को बीते रविवार को चक्कर आने की शिकायत पर हॉस्टल वार्डन की सूचना पर परिजनों ने दुबग्गा के पास निजी अस्पताल में इलाज करवाया। मंगलवार को फिर से उसकी तबीयत बिगड़ने पर अपने परिचित की मदद से बख्शी का तालाब तहसील सड़क तेजस हॉस्पिटल में शाम को भर्ती करवाया।
युवती के उसके साथ माता-पिता और बड़ी बहन भी साथ थी। पीड़िता ने बताया कि बुधवार की दोपहर उसकी नाक में ऑक्सीजन के लिए पाइप डालने के लिए डॉक्टर उसे ओटी में ले गए। इसके पहले कलाई में लगी वीगो से उसे इंजेक्शन लगाया। इसके बाद उसको कुछ पता नहीं चल सका। होश में आने पर उसको अपने कपड़े अस्त-व्यस्त मिले।
युवती का आरोप है कि बृहस्पतिवार को फिर से पाइप डालने के लिए डॉक्टर उसको ओटी में ले चलने की बात कही गई। उससे पहले उसको नर्स ने इंजेक्शन दे दिया। ओटी में डॉक्टर ने नर्स और उसकी बहन को बाहर निकालकर अंदर से लॉक कर लिया। अर्ध बेहोशी की हालत में डॉक्टर ने विजय कुमार गिरि ने उसके साथ दुष्कर्म किया। ओटी से बाहर आकर पीड़िता ने पूरी बात अपनी बहन को बताई।
युवती की बात सुनने के बाद परिजनों ने अस्पताल में ही हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पाकर मौके पर बख्शी का तालाब पुलिस भी पहुंच गई। छानबीन और युवती से बातचीत की गई तो युवती ने बुधवार और बृहस्पतिवार को हुई पूरी घटना पुलिस को बताई। पुलिस ने अस्पताल से ही डॉक्टर विजय कुमार को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने छानबीन के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुला लिया। एफएसएल की टीम ने कुछ नमूने जांच के लिए एकत्र किए। एसीपी बख्शी का तालाब विकास पांडेय ने बताया कि युवती को मेडिकल के लिए भेजा गया है। परिजन जैसे ही तहरीर देते हैं, एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसीपी ने बताया कि छानबीन में इस बात का पता चला है कि आरोपी डॉक्टर विजय कुमार गिरि तेजस अस्पताल को किराये पर लेकर चला रहा था। वह पहले से शादीशुदा है और उसने झांसी के एक प्राइवेट कॉलेज से बीएएमएस की पढ़ाई की है। एसीपी ने बताया कि फिलहाल अस्पताल की ओटी को सील कर दिया गया है। आरोपी डॉक्टर सीतापुर के तंबौर राजनपुर गांव का रहने वाला है।

0 Comments