लोकसभा चुनाव के लिए यूपी में बीजेपी ने शुरू किया महाअभियान...हर घर दस्तक देंगे कार्यकर्ता, ये है रणनीति!



लखनऊ। लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने चुनावी अभियान को तेज कर दिया है। पार्टी की रणनीति के अनुसार पहली प्राथमिकता मतदाता सूची पर है और इसी के लिए 29 अक्टूबर से भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे प्रदेश में एक साथ महाअभियान की शुरुआत होगी। इसके बाद हर घर दस्तक दिया जाएगा। इस महाअभियान से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित भी किया जाएगा। इसके लिए 16 अक्टूबर से जिला स्तर पर प्रशिक्षण शिविर प्रारंभ हो रहा है। काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि 16 अक्टूबर से भारतीय जनता पार्टी द्वारा काशी क्षेत्र में जिला स्तर पर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी कार्यकर्ता मतदाता सूची की बारीकियां के बारे में जानेंगे। इसके बाद 29 अक्टूबर से पूरे उत्तर प्रदेश में एक साथ महाअभियान की शुरुआत होगी जिसके माध्यम से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सूबे के हर घर में मतदाताओं को साधने के लिए पहुंचेंगे। काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बैठक में कहा कि बीते लोकसभा चुनाव में गठबंधन के बावजूद भाजपा को 50 फ़ीसदी से ज्यादा वोट मिले थे। नगर निकाय, पंचायत सहकारिता के चुनाव में भी भाजपा ने ऐतिहासिक विजय प्राप्त की थी। ऐसे में भाजपा का मजबूत संगठनात्मक ढांचा किसी भी चुनौती को स्वीकार करके बेहतर परिणाम देने में पूरी तरह सक्षम है। वोटर चेतना महाअभियान प्रत्येक दहलीज के साथ प्रत्येक कैंपस तथा प्रत्येक चौपाल पर पहुंचने का एक अभियान है। हर 18 वर्ष की आयु को पूरा करने वाले युवाओं विवाह होने के बाद परिवर्तित निवास स्थान, बूथ से अन्यत्र निवास करने वाले तथा बूथ पर नए आए मतदाताओं के नाम की मतदाता सूची से जोड़ने या नाम काटने का कार्य तथा दिवंगत मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटवाने का कार्य इस वोटर चेतना महाअभियान के माध्यम से किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments