पेड़ से लटकते मिले चचेरे भाई-बहन के शव...गांव में तरह-तरह की चर्चाएं!



महोबा। जिले में कोतवाली क्षेत्र के बरातपहाड़ी गांव में चचेरे भाई-बहन के शव पेड़ से एक साथ रस्सी के फंदों पर लटकते मिले। सूचना पर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ग्रामीणों में प्रेम-प्रसंग के चलते दोनों के एक साथ आत्महत्या किए जाने की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि, परिजन कुछ भी कहने से बचते रहे। बरातपहाड़ी गांव निवासी 18 वर्षीय युवक व उसकी 17 वर्षीय चचेरी बहन एक इंटर कॉलेज में कक्षा 11वीं की शिक्षा ग्रहण कर रहे थे। दोनों विद्यालय में एक साथ आने-जाने के दौरान साथ-साथ पढ़ाई भी करते थे। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं। बुधवार की रात दोनों घर से निकल गए और गांव के बाहर लगे बबूल के पेड़ से एक ही रस्सी के दो फंदे बनाकर फांसी पर झूल गए। जिससे उनकी मौत हो गई। गुरुवार की दोपहर जब ग्रामीण जंगल की ओर गए तो एक साथ चचेरे भाई-बहन के शव लटकते देख उनके होश उड़ गए। पुलिस ने शवों को फंदे से नीचे उतार परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी ली। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कोतवाली प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। परिजनों ने अभी तक किसी प्रकार की तहरीर नहीं दी है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments