साबुन फैक्टरी में विस्फोट...चार की मौत और छह घायल!



मेरठ। मेरठ के लोहिया नगर स्थित एक मकान में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां एक मकान में संचालित फैक्टरी में हुए जोरदार विस्फोट से पूरा इलाका दहल गया। धमाका इतना तेज था कि जिस मकान में फैक्टरी चल रही थी उसके साथ ही आस पास के दो-तीन मकान और धराशायी हो गए। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है वहीं छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें मेडिकल में भर्ती कराया गया है। वहीं डीएम व मजिस्ट्रेट समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। डीएम दीपक मीणा के अनुसार पटाखा फैक्टरी जैसी बात सामने नहीं आई है। मौके से काफी मात्रा में साबुन बिखरा मिला है। जांच कराई जा रही है। बताया कि मकान में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। धमाका इतना जबरदस्त था कि 33 केवी की लाइन के खंभे भी टूट गए। सड़क पर जा रहे कई लोग घायल हो गए। आसपास के मकान भी धमाके से हिल गए। पुलिस के मुताबिक नौचंदी थाना क्षेत्र के रहने वाले संजय गुप्ता का लोहिया नगर में दो मंजिला भवन है। बताया जाता है कि संजय गुप्ता ने भवन का ग्राउंड फ्लोर आलोक रस्तोगी को किराए पर दिया हुआ था, जिसमें वह साबुन फैक्टरी चला रहा था। कुछ दिन पहले ही भवन का फर्स्ट फ्लोर जागृति विहार निवासी गौरव भाटिया ने प्लास्टिक पार्ट की फैक्टरी लगाने के लिए किराए पर लिया था। क्षेत्रवासियों के मुताबिक सुबह लगभग 7 बजे तेज धमाके के साथ यह बिल्डिंग धराशायी हो गई। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास की कई बिल्डिंगों में दरारें आ गईं। वहीं, निकट स्थित एक दूसरी बिल्डिंग की पहली मंजिल की छत भी गिर गई। जिस मकान में फैक्टरी संचालित थी सत्यकाम स्कूल के पास ही है। विस्फोट स्कूल के समय से पहले हुआ अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था। विस्फोट से तीन मकान गिरने के साथ दूरदराज के मकान भी हिल गए। सत्यकाम स्कूल के अलावा आसपास के कई मकानों के शीशे टूट गए। विस्फोट के कारण इलाके में भगदड़ मच गई। कुछ हादसा समझकर बाहर निकले तो कुछ इसे भूकंप समझने लगे। मौक पर पहुंचने पर लोगों को जानकारी हुई। घटना की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया और मलबा हटाकर नीचे दबे तकरीबन दस लोगों को मेडिकल भेजा।

Post a Comment

0 Comments