दो सांड़ लड़ते-लड़ते घर में घुसकर छत पर पहुंचे...और फिर जाने क्या हुआ!


एटा। जिले के अवागढ़ में सड़क से लेकर खेतों तक निराश्रित गोवशों का आतंक तो था ही, लेकिन गुरूवार को सांड़ लड़ते-लड़ते एक व्यक्ति के घर में नहीं बल्कि छत पर पहुंच गए। घटना के बाद हड़कंप मच गया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों सांड़ों को ग्रामीणों ने रस्सी की मदद से नीचे उतारा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निराश्रित गोवंशों को गोशालाओं में पहुंचाने का आदेश दे रहें, लेकिन हकीकत इससे इतर है। इसका परिणाम है कि सांड़ों का आतंक है।

मुख्यमंत्री के आदेश को अधिकारी ढाक के तीन पात के रूप में लेकर घूम रहे निराश्रित गोवंशों को नजर अंदाज कर दे रहे हैं। जिसके कारण गोवंश एक तरफ जहां किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे। वहीं आबादी क्षेत्रों व मार्गों पर हादसों का सबब बन रहे हैं। गुरूवार को कटैलिया गांव में कुछ गोवंश फसल को नुकसान पहुंचा रहे थे। जिन्हें किसानों ने खेत से बाहर खदेड़ दिया। कुछ समय बाद गोवंश का एक झुंड गांव में घुस आया। उनमें से दो सांड़ आपस में लड़ने लगे। देखते ही देखते दोनों सांड़ लड़ते-लड़ते गांव निवासी किसान रामभरोसे के घर में घुस गए, यहां तक तो ठीक था, लेकिन दोनों सांड़ लड़ते हुए जीने के सहारे छत पर चढ़ गए। इसके बाद हड़कंप मच गया।

दोनों सांड़ नीचे नहीं उतर पा रहे थे। काफी देर तक दोनों मकान की छत पर खड़े रहे। ग्रामीणों ने रस्सी से दोनों को बांधा। कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह से दोनों सांड़ों को ग्रामीणों ने नीचे उतारा। इस घटना को देखने के लिए गांव में लोगों की भीड़ किसान के दरवाजे पर जमा हो गई थी।

Post a Comment

0 Comments