2024 के चुनाव से पहले भ्रष्टाचार के आरोपी भी भाजपा में दमकेंगे!
राजभर अभी तक मायावती को प्रधानमंत्री बना रहे थे अब एनडीए में शामिल-शिवपाल
लखनऊ। 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने कहा था कि वह पांच साल के लिये चुने अवश्य गये हैं लेकिन उनके कार्यशैली में चार वर्ष काम करने और एक वर्ष चुनाव लड़ने का प्लान होता है। इसी के चलते गृहमंत्री अमितशाह ने शनिवार को टीयूट कर लोकसभा चुनाव 2024 के लिए ओमप्रकाश राजभर की पार्टी सुभासपा ने एनडीए से गठबंधन का एलान किया है। इसे यूपी की राजनीति का एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। भाजपा नेताओं का दावा है कि इससे भाजपा के यूपी में मिशन 80 के लक्ष्य को पूरा करने में मदद मिलेगी। एनडीए का हिस्सा बनते ही खुद राजभर ने भी कहा कि यूपी में अब विपक्ष खत्म हो चुका है। इससे पहले शनिवार को पूर्व मंत्री व सपा विधायक दारा सिंह चौहान ने भी अमितशाह से मिल कर भाजपा में शामिल होने के संकेत दिये। राजभर ने पूर्व मंत्री धर्मसिंह सैनी को भी भाजपा जाने का ऐलान किया। दारा सिंह चौहान, धर्मसिंह सैनी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल छोड़ कर समाजवादी पार्टी में गये थे। धर्म सिंह सैनी का सहयोगी राजकुमार दिवाकर आयुष घोटाले में आरोपी है।
सूत्रों के अनुसार आयुष घोटाले की सीबीआई जांच में राजकुमार दिवाकर तत्कालीन विभागीय मंत्री धर्म सिंह सैनी के विरुद्ध गवाही देकर सरकारी गवाह बन गया है। विधानसभा चुनाव की घोषणा के पूर्व योगी सरकार के कद्दावर मंत्री व अति पिछड़ी जातियों के मंत्रियों द्वारा भाजपा छोड़ सपा में जाने से योगी सरकार की चूलें हिल गयी थी। 12 जनवरी 2022 को दारा सिंह चौहान ने कहा था ''माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के मंत्रिमंडल में वन पर्यावरण और जन्तु उद्यान मंत्री के रूप में मैंने पूरे मनोयोग से अपने विभाग की बेहतरी के लिए कार्य किया, किन्तु सरकार की पिछड़ों, वंचितों, दलितों, किसानों और बेरोजगार नौजवानों की घोर उपेक्षात्मक रवैये के साथ-साथ पिछड़ों और दलितों के आरक्षण के साथ जो खिलवाड़ हो रहा है, उससे आहत होकर मैं उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल से इस्तीफा देता हूं"।
स्वामी प्रसाद मौर्य, धर्मसिंह सैनी और दारा सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप भी लगाये थे। तब भी ओम प्रकाश राजभर ने सबको सपा में ले जाने की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।अब सपा से भाजपा में लाने के लिये भी ओम प्रकाश राजभर आगे बढ़ कर कुलाछे भर रहे हैं। मजे की बात यह है कि तकनीक रूप से जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी का विधायक बेटा भी एनडीए के अंग बन चुका है। क्योंकि वह ओम प्रकाश राजभर की पार्टी सुभासपा का विधायक है। बता दें कि उत्तर प्रदेश में जब पंचायत चुनाव चल रहा था उसी समय धर्म सिंह सैनी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में भाजपा ज्वॉइन करने वाले थे। लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सक्रियता के चलते वह पार्टी में नहीं शामिल हो पाये।
अब लोकसभा चुनाव 2024 के पहले भाजपा की गैंग गुजरात सीधे यूपी में पार्टी के भीतर कुनबा बढ़ा रहे हैं। उनका लक्ष्य भाजपा का कुनबा बढ़ा कर उत्तर प्रदेश की अधिक से अधिक लोकसभा सीटें जितने की है। धर्म सिंह सैनी जिन पर आयुष घोटाले में जांच चल रही है अब भाजपा का नूर बनेंगे। ओम प्रकाश राजभर कल तक बसपा प्रमुख मायावती को प्रधानमंत्री बनाने की बात करते थे अब नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का अनुबंध कर लिये हैं। उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़ रहे दल-बदल या राजनैतिक घटना क्रम पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि राजभर अभी कुछ दिन पहले तक वो मायावती को प्रधानमंत्री बना रहे थे। शिवपाल ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर का कोई स्थाई ठिकाना नहीं है। वो कब कहां चले जाएं, उनका कोई भरोसा नहीं है। भविष्य में जहुराबाद से भी उनकी जमानत जब्त होगी। जहां से लड़ेंगे वहीं से हारेंगे। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का नाम लिये बगैर शिवपाल ने कहा कि एक बड़बोले नेता कह रहे थे कि सपा समाप्त हो गई है लेकिन वह कौशांबी में हमसे चुनाव हार गए।
बता दें कि कुछ दिन पहले ही राजभर ने कहा था कि यूपी में सपा, बसपा, कांग्रेस और रालोद को एक होकर मायावती को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बना देना चाहिए इससे भाजपा की यूपी में करारी हार होगी। उन्होंने कहा था कि अगर ऐसा होता है तो वह भी इस गठबंधन का हिस्सा बनेंगे। रविवार को उन्होंने एनडीए में शामिल होने का एलान कर दिया और कहा कि यूपी में हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे। सामाजिक न्याय देश की रक्षा- सुरक्षा, सुशासन, वंचितों, शोषितों, पिछड़ों, दलितों, महिलाओं, किसानों, नौजवानों और हर कमजोर वर्ग को सशक्त बनाने के लिए काम करेंगे।

0 Comments