गाना सुनकर भावुक हो गए भाजपा सांसद....मंच पर ही रोने लगे, बोले- जिसने मरना सीख लिया...


गोंडा। भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह गोंडा जिले के तरबगंज स्थित विपिन बिहारी शरण सिंह महाविद्यालय में शनिवार को प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल होने के लिए आए थे। इस दौरान एक संत ने खुश रहो हर खुशी है तुम्हारे लिए... गाना गाया। इस दौरान उनके साथ ही सोफे पर बैठे भाजपा सांसद भावुक हो गए और रोने लगे। भाजपा सांसद ने इसके बाद विद्यार्थियों को मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया। मंच पर भावुक हुए कुश्ती संघ के निवर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण ने मंच पर अपने संबोधन में कहा कि जिसने मरना सीख लिया जीने का अधिकार उसी को है।

समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद अतिथियों ने संबोधन किया। जिसमें अयोध्या से आये संत दिनेशाचार्य जी महाराज ने अपने संबोधन में छात्रों का उत्साह बढ़ाया। सांसद के कहने पर संत ने गीत गाते हुए कहा खुश रहो हर खुशी है तुम्हारे लिए, छोड़ दो आंसुओं को हमारे लिए...। इसी गीत पर सांसद बृजभूषण शरण भावुक हो गये और मंच पर ही रोने लगे। इसके बाद उनके पौत्र ने उन्हें हिम्मत बंधाने की कोशिश की। सांसद ने खुद को संभाला और संत दिनेशाचार्य का आभार जताया।

अपने भाषण में भाजपा सांसद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर टिप्पणी की और कहा कि राहुल के बयान को कोई गंभीरता से नहीं लेता। उनकी पदयात्रा का कोई असर नहीं हुआ है। राष्ट्रीय दल के नेता होने के बावजूद क्षेत्रीय दलों की गोद में राहुल गांधी बैठ गए हैं। वह बिना उद्देश्य के ही यात्रा कर रहे हैं। उन्हें मैं सलाह दूंगा की तैयारी करके आया करें। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के विरोध में विपक्षी दलों के मोर्चे इंडिया पर तंज कसते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि देश में तीन बार गठबंधन का प्रयोग हुआ जो सफल नहीं हुआ। इंडिया गठबंधन में तो नेता ही तय नहीं है, इसमें चार लोग प्रधानमंत्री होंगे। इस गठबंधन पर किसी का दबाव या कंट्रोल नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि विपक्ष में कोई ऐसा नेता नहीं है जो विचारों से सभी को एक कर पाए। यह गठबंधन देश के लिए खतरनाक होगा। इससे पूर्व तरबगंज क्षेत्र में स्थित विपिन बिहारी शरण सिंह महाविद्यालय में शनिवार को प्रतिभा सम्मान समारोह में छात्रों को कैसरगंज के भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने मेडल व प्रमाण पत्र से सम्मानित किया। कार्यक्रम में मेधावियों का उत्साह बढ़ाया और आगे बढ़ने के रास्ते बताए।

Post a Comment

0 Comments