योगी के मंत्री के सामने महिला ने प्रधान को कहा 'लुच्चा'... और फिर!


लखीमपुर खीरी। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने के अवसर पर बीजेपी नेता बीजेपी सरकार के कामों को जनता के बीच बता रहे हैं। इसी क्रम में जल संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह लखीमपुर खीरी पहुंचे और इस दौरान एक महिला ऐसा बोल गईं कि उनका जवाब सुनकर सीएम योगी के मंत्री हैरान हो गए। यहां पर एक जनसभा में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मंच से सामने बैठी महिलाओं से पूछा कि "इन प्रधान जी को आप लोग पहचानती हैं, यही पानी पहुंचा रहे हैं।?"

इसी बीच एक महिला ने स्वतंत्र देव सिंह के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि, "इनका कौन नहीं जानत हैं, सब जानते हैं, गांव के लुच्चा हैं।" महिला ने तड़ाक से जवाब देते हुए जैसे ही ग्राम प्रधान को लुच्चा कहा तो लोग हंसने लगे। इसी दौरान जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मौके की नजाकत समझते ही महिला को बैठ जाने का इशारा किया। मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने 'अच्छा, बैठ जाओ, बैठ जाओ' कहकर बात को टालने की कोशिश की, हालांकि इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने अपने कैमरे में कैद कर लिया जो इस समय सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

इसके साथ ही सीएम योगी के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का एक दूसरा वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसे समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भी शेयर किया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्वतंत्र देव सिंह के वीडियो को अपने ट्विटर पर शेयर कर लिखा- बिगड़ रहे हैं शब्द संस्कार अब जानेवाली है सरकार! इसके साथ ही इस वीडियो को विपक्षी दल के नेता भी शेयर कर बीजेपी पर निशाना साध रहे हैं और स्वतंत्र देव सिंह पर कई तरह के सवाल खड़ा कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments