बलिया। जिले के एक गांव में प्रेमी युगल का मामला फिल्मी अंदाज में सामने आया। प्रेमिका की शादी के दो दिन बाद ही बाइक से उसके ससुराल पहुंच गया। खुद को दुल्हन का चचेरा भाई बताया। हालांकि उसके झूठ का भांडा तुरंत ही फूट गया। प्रेमी को वहां लात-जूतों से पिटाई खानी पड़ी। इस घटना से परिजनों में हंगामा मचा रहा। क्षेत्र में भी चर्चाओं का बाजार गर्म है। वहीं, इस प्रकरण के बाद शादी टूटने की कगार पर आ गई। लड़का पक्ष के परिजन दुल्हन का पूर्व से अवैध संबंध होने के कारण रखने को तैयार नहीं थे। गांव में पुलिस की मौजूदगी में लड़की व लड़के पक्ष के लोगों में घंटों पंचायत हुई। तब जाकर मामला किसी तरह शांत हुआ। परिजनों की शिकायत पर प्रेमी को पुलिस हिरासत में ले लिया।

उभांव थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को शादी के बाद युवक अपनी दुल्हन को विदा कराकर घर लेकर आया। पूरा परिवार शादी की खुशियों में डूबा था। सोमवार की रात दुल्हन के प्रेमी ने फिल्मी स्टाइल में बाइक से गांव में इंट्री ली। दुल्हन बनी प्रेमिका से मिलने उसके ससुराल पहुंच गया। वह प्रेमिका से बातचीत कर ही रहा था कि अचानक परिजनों को इसकी भनक लग गई। उन्होंने युवक को पकड़ लिया। इसके बाद प्रेमी ने खुद को दुल्हन का चचेरा भाई बताया। परिजनों को शंका होने पर दुल्हन व मायके वालों से पूछताछ की। दुल्हन ने अंजान बनते हुए इस मामले में चुप्पी साध ली। ससुराल पक्ष के लोगों मामला समझते देर नहीं लगी।

घर में घुसे युवक की लात-जूतों से पिटाई कर जमकर खातिरदारी की। पिटाई से उसके प्रेम का नशा तुरंत उतर गया। वह हाथ-पैर जोड़कर छोड़ने की मिन्नतें करने लगा। सूचना पाकर लड़की पक्ष के लोग पहुंच गए। उन्होंने लोक लाज के भय से मामले को दबाने की गुहार लगाई। वहीं, प्रेमी के परिजन भी गांव पहुंच गए। इसको लेकर गांव में गहमागहमी का माहौल रहा। लड़का पक्ष के लोग दुल्हन को मायके भेजने पर अड़े रहे। पुलिस, समाज और दोनों पक्षों के परिजनों के बीच घंटों पंचायत व मान मनौव्वल के बाद मंगलवार को मामला शांत हुआ और वो दुल्हन को अपने साथ रखने को राजी हुए। परिजनों की शिकायत पर प्रेमी को पुलिस हिरासत में ले लिया।