मुख्तार अंसारी ने अपने बेटे और बहू से बात करने के लिए जेल मैनुअल का हवाला दिया है। मुख्तार ने कोर्ट में कहा कि दोनों अलग-अलग जेल में बंद है। उनकी बातचीत नहीं हो पा रही, इसलिए फोन पर ही उनके बेटे और बहू से बात कराई जाए. दरअसल अब्बास अंसारी कई अन्य मामलों में इन दिनों कासगंज जेल में बंद है। इससे पहले उसे चित्रकूट जेल में रखा गया था, जहां उसे पत्नी निकहत के साथ अवैध तरीके से मुलाकात करते हुए पकड़ा गया था।जिसके बाद ये बात सामने आई कि अब्बास अक्सर जेल प्रशासन की मदद से घंटों पत्नी के साथ अलग कमरे में मुलाकात करता था।
चित्रकूट जेल में छापेमारी के दौरान पुलिस को अब्बास की पत्नी निकहत के पास से मोबाइल और विदेशी मुद्रा बरामद हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया था। तभी से निकहत चित्रकूट जेल में बंद है। वहीं अब्बास को कासगंज जेल में शिफ्ट कर दिया गया। वहीं दूसरी तरफ एंबुलेंस प्रकरण में सुनवाई करते हुए कोर्ट ने जालसाजी के इस केस में अगली तारीख 22 जून तय की है। इसी दिन गैंगस्टर मामले में भी एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई होनी है। दोनों ही मामलों में इस दिन आरोप तय किए जाएंगे। आरोप है कि पंजाब की रोपड़ जेल में बंद रहने के दौरान मुख्तार जिस एंबुलेंस का इस्तेमाल करता था वो फर्जी कागजों से पंजीकृत थी।

0 Comments