विधान परिषद के लिए सीएम योगी ने किया मतदान...राजभर ने नहीं खोले पत्ते, देखे अपडेट!


लखनऊ। विधान परिषद की दो सीटों के उपचुनाव के लिए मतदान प्रारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले मतदान किया। मतदान के लिए अन्य विधायक भी पहुंचने लगे हैं। गुप्त मतदान किया जा रहा है। विधानसभा सचिवालय ने मतदान के लिए विधान भवन स्थित तिलक हॉल में दो मतदान कक्ष बनाए हैं। रिटर्निंग अधिकारी मो. मुशाहिद ने बताया कि दोनों सीटों पर गुप्त मतदान होगा। सभी 403 विधायक मतदान करेंगे। मतदान के बाद मतपत्र किसी भी व्यक्ति या चुनाव अभिकर्ता को दिखाने की इजाजत नहीं होगी। मतदान के बाद मतगणना होगी। शाम 6 बजे तक परिणाम घोषित होने की उम्मीद है। भाजपा से पद्मसेन चौधरी और मानवेंद्र सिंह व सपा से रामजतन राजभर और रामकरन निर्मल चुनाव लड़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मतदान करने के बाद उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भी वोट डाला। उनके साथ सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर भी थे। उन्होंने वोट करने के बाद कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। कहा कि ये गुप्त मतदान है। बृजेश पाठक और ओमप्रकाश राजभर मतदान करने के बाद हाथ मिलाते हुए एक साथ निकले।

सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि दलित, पिछड़े और शोषित समाज के साथ अन्याय हो रहा है। उस वर्ग को भी प्रतिनिधित्व देना है। भारतीय जनता पार्टी दलित समाज को पीछे करने का काम करती है। समाजवादी पार्टी पिछड़ों और अल्पसंख्यकों की लड़ाई लड़ने का काम करती है। देश और प्रदेश को धोखा देने का काम जो लोग करते हैं। उन्हें समाजवादी पार्टी सबक सिखाने का काम करेगी। ओमप्रकाश राजभर द्वारा भाजपा को समर्थन देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहा है सबको पता चलेगा।

भाजपा के मुख्य सचेतक रामनरेश अग्निहोत्री ने कहा कि उपचुनाव में भाजपा को 290 वोट मिलेंगे जबकि भाजपा गठबंधन के पास अधिकृत आंकड़ा 274 है। उन्होंने कहा कि दूसरे दलों के विधायक भी भाजपा प्रत्याशियों को ही मतदान करेंगे। सपा विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि समाजवादी पार्टी के दोनों प्रत्याशियों को 118 से अधिक वोट मिलेंगे। सदन में विधायकों की कुल संख्या 403 है।

Post a Comment

0 Comments