दूल्हे के दोस्त का कांडः शहनाई बजने से पहले दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल...

CCTV से पता चला असली खेल, हो गया फरार


आगरा।
जिले में ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र स्थित त्रिदेव फार्महाउस में सोमवार रात को दूल्हे के बक्से का ताला तोड़कर दुल्हन को चढ़ाने के लिए रखे जेवरात चोरी कर लिए गए। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में घटना रिकॉर्ड हो गई। पुलिस लोकेशन की मदद से आरोपी तक पहुंच गई। मंगलवार शाम को उसे पकड़ लिया गया। उससे जेवरात के बारे में पूछताछ की जा रही थी।

बालाजी नगर निवासी विशाल शर्मा की सोमवार को कालिंदी विहार निवासी रामजीलाल की बेटी शिवानी से शादी थी। शादी समारोह ट्रांस यमुना स्थित त्रिदेव फार्म हाउस में चल रहा था। दूल्हे के भाई अश्वनी ने पुलिस को बताया कि वह दुल्हन पर चढ़ाने के लिए आठ लाख रुपये के जेवरात लेकर आए थे। जेवरात बैग में रखने के बाद बक्से में ताला लगाकर एक कमरे में रख दिए थे। मंगलवार तड़के जेवरात की जरूरत पड़ी। दूल्हे के पिता कमरे में जेवरात लेने आए थे। जेवरात के बक्से का ताला टूटा हुआ था। बक्सा खोला तो जेवरात का बैग नहीं मिला। बैग कमरे में पड़ा मिला, उसमें जेवरात नहीं थे। उन्होंने घर के लोगों को जानकारी दी। इससे हड़कंप मच गया। मैरिज होम में तलाश की गई। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।

पता चला कि महावीर नगर का अभिषेक यादव उर्फ ईलू फेरों से पहले बैग लेकर जा रहा है। वह दूल्हे का दोस्त है। कमरे से बाहर आने के बाद बाथरूम में चला जाता है। इसके बाद वापस कमरे में आ जाता है। कमरे से बाहर आया तो बैग नहीं था। पुलिस ने अभिषेक के मोबाइल की लोकेशन निकलवाई। पुलिस को पहले खंदौली, फिर नोएडा की लोकेशन मिली। मौके पर कुछ भाजपा नेता भी पहुंच गए। उन्होंने कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने लोकेशन से आरोपी को पकड़ लिया। थाना ट्रांस यमुना के प्रभारी निरीक्षक आनंद प्रकाश ने बताया कि जेवरात चोरी हुए थे। एक आरोपी को पकड़ा है। उससे पूछताछ की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments