नामांकन से पहले की जा रही है किस्मत के सितारों की गणना
ज्योतिषाचार्य दैवज्ञ कृष्ण शास्त्री ने बताया कि नामांकन के लिए रोहिणी, मृगशिरा, पुनर्वसु, पुष्य, हस्त, स्वाति, धनिष्ठा, शतभिषा, रेवती शुभ नक्षत्र हैं। राहु काल में शुभ कार्य वर्जित होते हैं, इसलिए राहु काल में नामांकन या चुनाव प्रचार न शुरू करने की सलाह दी जा रही है। राहु काल में कार्य करने से बाधाएं आती हैं। प्रतिद्वंदी भारी पड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिन का राहुकाल डेढ़ घंटे का होता है। दावेदारों को सलाह दी जाती है कि रविवार को पान, सोमवार को दूध चावल, मंगलवार को गुड़, बुधवार को खड़ा धनिया, बृहस्पतिवार को जीरा, शुक्रवार को दही, शनिवार को अदरक का टुकड़ा खाकर निकलना शुभ होता है।
नामांकन के समय ये चिन्ह होंगे शुभ
नामांकन के समय सफेद घोड़ा, सफेद बैल, गाय, हाथी, मछली, चिड़िया या मोर का दर्शन होना या उसका चित्र देखकर जाना शुभ होता है। अपनी ध्वजा नैनृत्य कोण में हो। दावेदार अपनी और चुनाव चिह्न की एक-एक फोटो घर के दक्षिण की दीवार पर लगा सकते हैं। उस पर जीरो वॉट का लाल बल्ब लगाना ठीक होगा।
राहुकाल
रविवार शाम 4.30 से 6.00 तक
सोमवार सुबह 7.30 से 9.00 तक।
मंगलवार दोपहर 3.00 से 4.30 तक।
बुधवार दोपहर 12.00 से 1.30 तक।
गुरुवार दोपहर 1.30 से 3.00 तक।
शुक्रवार सुबह 10.30 से दोपहर 12.00 तक।
शनिवार सुबह 9.00 से 10.30 तक।
जीत के लिए अनुष्ठान और पूजा करा रहे दावेदार
नगर निकाय चुनाव में जीत के लिए उम्मीदवार हर जोड़-तोड़ लगा रहे हैं। कोई बड़े नेताओं की गणेश परिक्रमा कर रहा है तो कोई भगवान की चौखट पर माथा नवा रहा है। कई ऐसे दावेदार हैं, जो लगातार अनुष्ठान कराने में जुटे हैं। निकाय चुनाव की घोषणा के साथ ही शहर में कई स्थानों पर जीत के लिए प्रत्याशियों ने अपने नाम से अनुष्ठान कराने शुरू कर दिए हैं।

0 Comments