लखनऊ। उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होती जा रही है। राज्य में निकाय चुनाव में मेयर) पद के लिए कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गढ़ वाराणसी में अपने उम्मीदवार का एलान कर दिया है। हालांकि अभी तक समाजवादी पार्टी, बीजेपी और बीएसपी के ओर से प्रत्याशियों का एलान नहीं किया गया है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ओर से बुधवार को मेयर पद के उम्मीदवारों की जानकारी दी गई। प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी के ओर इस संबंध में एक चिट्ठी जारी की गई है। पार्टी के ओर से पीएम मोदी के गढ़ वाराणसी में विंधवासिनी लाल श्रीवास्तव के बेटे अनिल कुमार श्रीवास्तव को अपने उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा कांग्रेस ने कानपुर में विकास अवस्थी की पत्नी आशनी अवस्थी को अपना प्रत्याशी बनाया है।
वहीं दूसरी ओर बुधवार देर रात सपा ने भी राज्य में आठ मेयर सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों का एलान कर दिया है। सपा के प्रांतीय अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल के हस्ताक्षर से जारी सूची के मुताबिक पार्टी ने लखनऊ महापौर पद के लिए वंदना मिश्रा को अपना उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा गोरखपुर से काजल निषाद, प्रयागराज से अजय श्रीवास्तव, झांसी से रघुवीर चौधरी, मेरठ से सीमा प्रधान, शाहजहांपुर से अर्चना वर्मा, फिरोजाबाद से मसरूर फातिमा और अयोध्या से आलोक पांडे को महापौर पद का सपा प्रत्याशी बनाया गया है।
बता दें कि राज्य में निकाय चुनाव इस बार दो चरणों में हो रहे हैं। पहले चरण के अंतर्गत 11 अप्रैल से नामांकन शुरू हो गया है। ये नामांकन 17 अप्रैल तक किया जा सकेगा। इसके बाद 18 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी। पहले चरण के अंतर्गत चार मई को वोटिंग होनी है, जबकि 13 मई को रिजल्ट आएगा। हालांकि अभी तक बीजेपी ने अपने एक भी मेयर प्रत्याशियों का एलान नहीं किया है।


0 Comments