सपा द्वारा बुधवार देर रात जारी चिट्ठी में मेयर पद के आठ प्रत्याशियों का एलान किया गया। पार्टी द्वारा जारी सूची में लखनऊ से बन्दना मिश्रा, गोरखपुर से काजल निषाद, इलाहाबाद से अजय श्रीवास्ता, झांसी से रघुवीर चौधरी, मेरठ से सीमा प्रधान, शाहजहांपुर से अर्चना वर्मा, फिरोजाबाद से मशरुर फातिमा और अयोध्या से आशीष पांडेय को अपना प्रत्याशी बनाया है। प्रत्याशियों का एलान सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल द्वारा जारी चिट्ठी में किया गया है।
हालांकि इससे पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने पार्टी नेताओं और स्थानीय विधायकों से मेयर प्रत्याशियों को लेकर दिन भर मंथन किया। इसके बाद देर रात प्रत्याशियों का एलान किया गया है. इस बार राज्य में दो चरणों में स्थानीय चुनाव हो रहा है। ऐसे में पहले चरण के अंतर्गत लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर सहित नौ मंडलों में चार मई को मतदान होगा। जबकि दूसरे चरण के अंतर्गत मेरठ, अयोध्या, कानपुर मंडल सहित नौ मंडलों में 11 मई को मतदान होगा।
बता दें कि 11 अप्रैल से पहले चरण के लिए नामांकन शुरू हो गया है। पहले चरण के लिए नामांकन 17 अप्रैल तक होगा। इसके बाद 18 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी और फिर 20 अप्रैल नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। वहीं चार मई को पहले चरण के तहत वोटिंग होगी और 13 मई को वोटों की गिनती एक साथ होगी।

0 Comments