एटा। हाथरस के अंकित पुंडीर की मौत के मामले में तीन कॉल रिकार्डिंग से नया मोड़ आ गया है। युवक को एटा के मोहल्ला नारायण नगर में प्रेमिका, उसके पति व भाइयों ने साजिश के तहत जहर दिया था। मृतक के चचेरे भाई शैलेश ने चित्रा, इसके पति हेमंत निवासी गांव बनैल थाना खुर्जा जिला बुलंदशहर और भाई अमित व सनी निवासी नारायण नगर के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है। तहेरे भाई अखिलेश सिंह ने बताया कि चित्रा की ननिहाल हमारे गांव में ही है। युवती को मामा ने बचपन में गोद लिया था। अंकित और चित्रा में प्रेम संबंध थे और शादी करना चाहते थे लेकिन चित्रा के मामा और भाई राजी नहीं थे। उन्होंने चित्रा की शादी गांव बनैल में तय कर दी। इससे पहले दोनों पक्षों में बैठकर पंचायत भी हुई थी।
इसके बाद अंकित को उसका बड़ा भाई दीपक को अपने साथ पानीपत ले गया। एक कंपनी में दोनों काम करने लगे। इधर, पांच जनवरी 2023 को युवती की शादी हेमंत के साथ हो गई। अंकित के पिता बृजभान सिंह ने बताया कि दोनों के अलग-अलग होने के बाद भी चित्रा के भाई रंजिश मानते चले आ रहे थे। 12 मार्च से लड़की ने बराबर फोन करके बेटे को बुलाया। वह 15 को घर और 16 मार्च को एटा आ गया। यहां नारायण नगर में चारों ने साजिश के तहत उसे जहर दे दिया। पिता ने बताया कि जब बेटे को जहर देने का पता चला तब पानीपत में रह रहे अंकित के दोस्त रीतेश को फोन किया। तब उसने अपनी बुआ के लड़के अमन को भेजा और वह अंकित को मैनपुरी लेकर गया। वहां सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जिला हाथरस थाना सिकंदराराऊ इलाके के गांव डंडेशरी निवासी अंकित पुंडीर (22) की मौत 17 मार्च की सुबह मैनपुरी में हुई थी।
जांच में तीन रिकॉर्डिंग सामने आई हैं। इसमें एक में जहर देने के बाद प्रेमिका ने अंकित को कॉल किया। शायद वह जानना चाहती थी कि अंकित मर चुका है या नहीं। जब वह मौत के करीब पहुंचा तब भी पुष्टि करने के लिए फोन किया। लंबी सांसों के साथ बातचीत हुई। प्रेमिका बोली, इसके बाद भी जिंदा बच जाओ तो फांसी लगा लेना...गुडबाय। उसकी प्रेमिका चित्रा ने हरियाणा से फोन करके अंकित को एटा बुलाया था। इसमें दोनों की कॉल रिकार्डिंग सामने आई हैं। एक कॉल की बातचीत के अनुसार अंकित को जहर दे दिया और वह अंतिम सांसें गिन रहा था। तब चित्रा ने कॉल किया।
कॉल को रिसीव करने के बाद अंकित लंबी सांसें ले रहा है और हांफती आवाज में हैलो-हैलो, बोलो। तब काफी देर बाद चित्रा जवाब देती है और कहती है कि कुछ न हो तो फांसी लगा लेना, गुडबाय। अंकित कहता है ओके, और कुछ खिलाना हो वो भी खिला दो। तब चित्रा कहती है बस ऐसे ही जान दे देना। एक अन्य कॉल रिकार्डिंग में प्रेमिका अंकित को आने के लिए दबाव बनाती है। तब अंकित 16 मार्च को आने की बात कहता है। इसमें तमाम ऐसे शब्द कहे गए हैं, जिससे साबित हो रहा है कि चित्रा ने पहले से ही हत्या की पूरी योजना बना ली थी।
इसमें प्रेमिका कहती है कि छाती ठोंक कर आना और छाती को पीटना भी। अंकित समझने का प्रयास करता है तो चित्रा बात को घुमा देती है। उसे बुलाने के लिए शाम का समय दिया जाता है। दरअसल, शादी के बाद भी चित्रा अपने प्रेमी अंकित से मिलती रहती थी। 16 मार्च को भी फोन पर चित्रा ने अंकित को एटा बस स्टैंड पर बुलाया था। यहीं पर चित्रा ने अंकित को कोल्ड ड्रिंक में मिलाकर जहर दे दिया। कुछ देर बातचीत के बाद प्रेमिका चित्रा अपने घर चली गई। कुछ देर बाद अंकित की तबीयत बिगड़ने लगी तो, अंकित बस में सवार होकर मैनपुरी के लिए चला गया। जब तबीयत ज्यादा खराब हुई तो अंकित ने घर पर भाई को फोन किया और बताया कि उसे कोल्ड ड्रिंक में कुछ मिलाकर पिला दिया है। इस कारण उसकी तबीयत बिगड़ रही है। अंकित को मैनपुरी के जिला अस्पताल में एडमिट कराया गया, यहां उसकी मौत हो गई थी।

0 Comments