मैनपुरी। जिले में एक महिला अपने पति की जान बचाने के लिए गांव के ही दबंग हमलावरों से भिड़ गई। पति के ऊपर कुल्हाड़ी से प्रहार किया गया था, तभी पत्नी ने पति को जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद हमलावरों ने फिर से उसके पति पर कुल्हाड़ी से निशाना साधा, लेकिन वह फिर बीच में आ गई। हालांकि इस दौरान उसके पति के हाथ का अंगूठा कट गया। घटना को देख मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद हमलावर वहां से भाग गए। पीड़ित महिला ने थाने में आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
मैनपुरी के थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव बिलिंदा निवासी मंजू ने बताया कि 22 मार्च की रात को वह पति मंशाराम व बच्चों के साथ घर में लेटी हुई थी, तभी गांव निवासी पूरन सिंह घर के बाहर शराब पीकर गाली गलौज कर रहा था। जब उन लोगों ने मना किया तो आरोपी कुल्हाड़ी लेकर आया और मंशाराम पर वार कर दिया। मंजू ने पति को धक्का दे दिया, जिस वजह से पति की जान बच गई। लेकिन पूरन ने दोबारा कुल्हाड़ी से हमला किया, जिसमें मंशाराम का अंगूठा कट गया।
मंजू ने बताया कि आरोपी के साथ गांव निवासी बबलू भी था। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए तो आरोपी भाग गए। इसके बाद मंजू मामले की शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंची। पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया। थाना प्रभारी कुर्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

0 Comments