बरेली। पढ़ने और सीखने की कोई उम्र नहीं होती। इसकी बानगी हैं बरेली के पप्पू भरतौल...। बिथरी चैनपुर विधानसभा से विधायक रह चुके राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल इस बार इंटरमीडिएट की परीक्षा दे रहे हैं। गुरूवार दोपहर को वह आरएन टैगौर विद्यालय में परीक्षा देने पहुंचे। पहले दिन दूसरी पाली में इंटर के हिंदी विषय का पेपर था।
परीक्षा के बाद पूर्व विधायक जब केंद्र से निकले तो उन्हें देखकर विद्यार्थी भी चौंक गए। पप्पू भरतौल आम विद्यार्थियों संग केंद्र से बाहर निकले थे। उनके हाथों में एग्जाम पैड और पेन थे। भाजपा नेता राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल बरेली के समीप भरतौल गांव के रहने वाले हैं।
वह वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर बिथरी चैनपुर से विधायक चुने गए थे। हालांकि 2022 के विधानसभा चुनाव में उनका टिकट कट गया। इस चुनाव में उनकी जगह भाजपा ने डॉ. राघवेंद्र शर्मा को उतारा था। डॉ. राघवेंद्र भी यहां से जीतकर विधायक बने।

0 Comments