गमछे के सहारे लटका मिला ग्राम प्रधान की लाश ...

शादी समारोह से लौटने के बाद फोन पर की थी लंबी बात


गोरखपुर।
जिले के हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के टिकरिया ग्राम पंचायत के मथौली गांव के प्रधान शिवाजी यादव (31) का शव रविवार सुबह घर में फंदे से लटका मिला। दरवाजा अंदर से बंद होने की वजह से खुदकुशी की आशंका जताई जा रही है।मौत की वजह जानने के लिए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने ग्राम प्रधान के घर के सभी कमरों को सील कर दिया है। ग्राम प्रधान के मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को अभी तक घटना की वजह पता नहीं चल पाई है।

शनिवार को शिवाजी यादव गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। आसपास के लोगों ने रात में 11 बजे के करीब उनको मोबाइल फोन पर लंबी बातचीत करते देखा था। इसके बाद वह घर में सोने चले गए थे। वह सुबह रोजाना टहलने जाते थे, इस वजह से रविवार सुबह चार बजे के करीब उनके दो-तीन दोस्त घर पहुंचे और आवाज लगाई। कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दोस्त टहलने चले गए। सुबह पांच बजे के करीब दोस्त फिर लौटे और आवाज लगाई। इसबार भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पीछे की खिड़की से देखा तो शिवाजी यादव गमछे से बनाए फंदे से पंखे के सहारे लटक रहे थे।

घटना की सूचना मिलने पर आसपास के गांवों के प्रधान पहुंच गए। उन्होंने शोक व्यक्त किया। प्रधानों का आरोप है कि विकास कार्यों का भुगतान नहीं हो रहा है। इसी वजह से सभी परेशान हैं। लगता है कि प्रधान शिवाजी ने इसी वजह से खुदकुशी की है। हालांकि, घर से संपन्न होने की वजह से लोग इससे इनकार कर रहे हैं। पत्नी मनोरमा ने बताया कि ऐसी कोई वजह नहीं समझ में आ रही है, जिससे पति खुदकुशी कर लें। उन्होंने फिलहाल किसी से दुश्मनी से भी इनकार किया है। इस संबंध में एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया जांच में सामने आया है कि ग्राम प्रधान ने खुदकुशी की है। वजह क्या है, इसकी जांच पुलिस कर रही है।

Post a Comment

0 Comments