जानकारी के मुताबिक गांव बिलंदापुर निवासी 23 वर्षीय आशीष कुमार मंगलवार शाम को सास और साली को लेकर ससुराल गया था। रात में परिवार को सूचना मिली कि आशीष घायल अवस्था में गांव बालेमऊ भट्ठे के पास पड़ा। परिजन मौके पर पहुंचे तो उसकी हालत देखकर सन्न रह गए। आशीष का एक हाथ और एक पैर काट हुआ था। शरीर पर अन्य जगह भी गहरे घाव थे। परिजन उसे गाड़ी से अस्पताल लेकर जा रहे थे। इसी दौरान परिवार के किसी सदस्य ने उसका वीडियो बनाकर बयान रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो बनाने वाला युवक उससे पूछता है कि तुम्हें किसने मारा है तो आशीष तड़पते हुए बोलता है कि मेरी सास और मेहरूआ (पत्नी) ने...। युवक पूछता है कि एक्सीडेंट हुआ या कुछ और...। इस पर आशीष बोलता है कि हाथ-पांव काटे डाले।
सूरज ने बताया कि आशीष की पत्नी कुसुमा देवी छह माह से मायके गांव ररूआ में रह रही है। मंगलवार को आशीष की सास और बड़ी साली प्रीति देवी घर आईं थीं। दोनों ने कुसुमा को विदा करने की बात कही और आशीष को साथ लेकर चली गईं। सूचना मिलने के बाद जब आशीष के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो उसकी सास और साली मौके पर नहीं थी। हालांकि पुलिस हादसे में मौत बता रही है। युवक की सास और साली भी घायल है। बाइक भी क्षतिग्रस्त हुई है। सीओ पुवायां पंकज पंत ने बताया कि सड़क दुर्घटना में आशीष की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद बंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। हत्या का आरोप निराधार है।

0 Comments