अलीगढ़। जिले के हरदुआगंज स्थित एक गांव में सास-बहू का एक मामला सामने आया है, जिसमें बहू ने सास को पीटा। सास ने पुलिस बुलाई, तो बहू ने पुलिस से भी हाथापाई की। सास भागकर थाने में गई और वहां पर पूरा दिन बिताया। एक साल पहले प्रेम विवाह कर घर आई बहू ने जमीन के हिस्से की मांग को लेकर रविवार रात हंगामा कर दिया और अपनी सास की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची, तो बहू ने महिला सिपाहियों से भी अभद्रता कर हाथापाई कर डाली। जिसके बाद पुलिस महिला को पकड़कर थाने ले गई। यहां से गच्चा देकर महिला घर वापस लौट आई। लेकिन बहू के डर से सास चार माह की नातिन को लेकर थाने में ही बैठी रही। देर शाम वह रिश्तेदारों के यहां पहुंच गई।
थाना क्षेत्र के एक गांव में एक वर्ष पूर्व अलग-अलग संप्रदाय के युवक-युवती ने कोर्ट मैरिज कर ली थी। साथ जीने मरने की कसम खाने वाले युवक-युवती का प्यार एक साल में ही दगा दे गया। दोनों की बीच कलह इतनी बढ़ गई कि अलग रहने लगे। इसी बीच महिला ने एक बेटी को जन्म दिया, जिसे दीपावली के बाद वह अपनी सास के पास छोड़कर चली गई।
सास का कहना है कि अब बहू परिजनों को परेशान करती है। पीछा छुड़ाने के नाम पर जमीन नाम करने की धमकी देती है। रविवार रात करीब बारह बजे बहू अचानक गांव आ गई और उनके साथ मारपीट कर दी। सूचना पर पहुंची महिला सिपाहियों से भी अभद्रता कर हाथापाई कर डाली। जिसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई। सास ने पुलिस से कार्रवाई की मांग कर बहू से बचाने की गुहार लगाई, लेकिन पुलिस शाम तक बहू को समझने में लगी रही।
बहू पुलिस को गच्चा देकर गांव वापस लौट गई। लेकिन सास बहू के डर से घर न जाकर थाने में ही बच्ची को लेकर बैठी रही। देर शाम पुलिसकर्मियों ने समझाबुझाकर उसे रिश्तेदारों के यहां भेज दिया। थानाध्यक्ष बृजपाल सिंह का कहना है कि बहू जबरन सास-ससुर से जमीन लिखवाने पर अड़ी थी, उसे समझा दिया गया है। महिला आरक्षियों से अभद्रता की उन्हें जानकारी नहीं है।

0 Comments